Pilibhit News: ग्रामीण का मकान क्षतिग्रस्त करने वाला आरोपी लेखपाल निलंबित
बीसलपुर। एसडीएम आशुतोष गुप्ता ने विभागीय आदेशों की अवहेलना करने, तानाशाही दिखाने और निर्दोष ग्रामीण का मकान क्षतिग्रस्त करने के आरोप में मुड़िया बिलहरा क्षेत्र के लेखपाल विदित कुमार गंगवार को मंगलवार को निलंबित कर दिया है।
एसडीएम ने बताया कि मुड़िया बिलहरा क्षेत्र के लेखपाल ने किसी सक्षम अधिकारी के आदेश के बिना गांव मुड़िया बिलहरा के राधेश्याम के मकान का काफी हिस्सा जेसीबी से ध्वस्त करा दिया था। जिसमें उसका काफी नुकसान हो गया। मामला जानकारी में आने पर मौके पर पहुंचकर कार्रवाई रोक दी। लेखपाल की लापरवाही से गांव देवरिया खुर्द के एक दबंग ने तालाब के काफी हिस्से को जेसीबी से पाटकर अवैध रूप से रास्ता बना लिया।
एसडीएम ने जेसीबी को बिलसंडा पुलिस के हवाले कर दिया। लेखपाल पर उच्चाधिकारियों के आदेश की अवहेलना करने के भी आरोप हैं। एसडीएम ने बताया कि इन्हीं आरोपों में लेखपाल को निलंबित कर दिया है और तहसील के रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय से संबद्ध कर दिया है। राधेश्याम के नुकसान की भरपाई लेखपाल के वेतन से कराई जाएगी।