Pilibhit News: 24075 लाभार्थियों के आधार खाते से लिंक नहीं, सब्सिडी आनी बंद
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Sun, 13 Aug 2023 11:52 PM IST
पीलीभीत। जिले में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के 210528 लाभार्थी हैं। इनमें 24075 ऐसे हैं, जिनके बैंक खाते आधार से लिंक नही हैं। लिहाजा उज्ज्वला योजना की सब्सिडी उनके बैंक खाते में नहीं आ रही है। विभागीय अफसर ऐसे लोगों से संपर्क कर खाता आधार से लिंक कराने को कह रहे हैं।
लकड़ी-उपले से खाना बनाने के झंझट से छुटकारा दिलाने के लिए प्रधानमंत्री की ओर से उज्ज्वला गैस कनेक्शन योजना शुरू की गई थी। इसके तहत पात्र लोगों को मुफ्त कनेक्शन दिए गए। गैस सिलेंडर भरवाने पर लाभार्थी के खातों में सरकार सब्सिडी भी भेज रही है, लेकिन जिले में करीब 24075 लाभार्थियों को सब्सिडी का लाभ नहीं मिल पा रहा है। सब्सिडी न आने से वे कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं।
विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले में 210528 लाभार्थी हैं। जिला पूर्ति अधिकारी विकास कुमार ने बताया शेष लाभार्थियों को खाते से आधार लिंक कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है। पात्र बैंक में जाकर खाता आधार से लिंक करा सकते हैं। बिना आधार लिंक के सब्सिडी नहीं भेजी जाएगी।