Pilibhit News: नहीं थम रहा शारदा नदी का कटान, बचाव कार्य शुरू

गांव चंदिया हजारा के समीप कटान रोकने को लगाई जा रही परकोपाइन । संवाद
पूरनपुर। शारदा नदी का कटान जारी है। रविवार को चार किसानों की छह एकड़ गन्ने की फसल नदी में समा गई। नदी अब तक 23 किसानों की 60 एकड़ से अधिक गन्ने की फसल लील चुकी है। नदी के तेज बहाव में बहकर आया एक शव कृष्ण हलधर के खेत में पड़ा मिला। नदी किनारे भारी दल-दल होने से बाढ़ खंड के अधिकारियों को बचाव कार्य कराने में दिक्कत हो रही है। रविवार को बमुश्किल नदी किनारे परकोपाइन पहुंचवाकर उसे लगाने का काम शुरू किया।
जलस्तर कम होने से नदी पिछले तीन दिनों से तेजी से कटान कर रही है। रविवार को गांव चंदिया हजारा निवासी गोविंद सरकार, कृष्ण हलधर और रंजीत की एक-एक एकड़ और अखिल अधिकारी की तीन एकड़ गन्ने की फसल नदी में समा गई। नदी में बहकर आया एक शव गांव निवासी कृष्ण हलधर के गन्ने के खेत में पहुंच गया। शव चार-पांच दिन पुराना होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि अभी पुलिस ने शव को कब्जे में नहीं लिया है।
रविवार को बाढ़ खंड के अफसरों ने कई मजदूरों को लगाकर बचाव कार्य शुरू कराए। नदी किनारे तक डनलप से बमुश्किल सामान ले जाया गया। दलदल व कीचड़ के कारण नदी किनारे तक सामान लाने क लिए बाढ़ खंड के अधिकारियों को काफी मेहनत करनी पड़ी।
००००००
60 एकड़ गन्ने की फसल समा चुकी है नदी में
प्रधान वासुदेव कुंडू ने बताया कि नदी इस बार गांव चंदिया हजारा के समीप खूब कहर बरपा रही है। जंगल की जमीन काटने के अलावा नदी अब तक गांव निवासी तपन हलधर, कोकिला मिस्त्री, निरापद मिस्त्री, जया सरकार, मयना मिस्त्री, सुकुंद मंडल, विशाल मंडल, कविता मंडल, खोखन सरकार, सावित्री मंडल, सुमित्रा मजूमदार, आनंद सरकार, मालतीराय, आरती, आरती विश्वास समेत 23 किसानों की 60 एकड़ से अधिक गन्ने की फसल लील चुकी है।