Pilibhit News: पूरनपुर के 11 हजार घरों में जलापूर्ति के लिए भेजा 27 करोड़ का प्रस्ताव
– 47 किलोमीटर लंबी डाली जाएगी पाइप लाइन
– बेहतर आपूर्ति के लिए बनेंगे दो ओवरहैड टैंक
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। पूरनपुर के 11 हजार घरों में पानी की सप्लाई के लिए 27 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। प्रस्ताव मंजूर होने से यहां कई मोहल्लों के लोगों को पानी की दिक्कत से निजात मिल जाएगी।
इस समय पूरनपुर नगर क्षेत्र में कई मोहल्लों में लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में जल निगम ने ऐसे क्षेत्रों को दो जोन में बांटकर पुनर्गठन पेयजल योजना अमृत 2.0 में शामिल किया है। इसके लिए शासन को 27 करोड़ रुपयेे का प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। इस प्रस्ताव से शहर के 11 हजार से अधिक घरों में पानी का कनेक्शन दिया जाएगा।
जोन एक के लिए 21 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाया गया है, इससे 9100 घरों में कनेक्शन देने के लिए 36 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन डाली जाएगी, साथ ही 1800 केएल का 22 मीटर ऊंचा ओवरहैड टैंक बनाया जाएगा। इसी तरह जोन दो के लिए 6 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। इसके लिए 11 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन डालकर 2496 घरों में कनेक्शन दिए जाएंगे। सप्लाई के लिए 600 केएल का 22 मीटर ऊंचा ओवरहैड टैंक भी बनाया जाएगा।
00
पुराने ओवरहैड टैंक को तोड़कर बनेगा नया
जोन एक में जलापूर्ति के लिए जल निगम की ओर से पुराने बने ओवरहैड टैंक को तोड़ा जाएगा। उसके स्थान पर नया बनाया जाएगा। इसी तरह जोन दो के लिए साहूकारा लाइनपार में पहले से बने टैंक के पास में ही नया टैंक बनाया जाना प्रस्तावित किया गया है।
00
पुनर्गठन पेयजल योजना के तहत पूरनपुर नगर पालिका क्षेत्र के लिए 27 करोड़ का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। इसकी जल्द ही मंजूरी मिल जाने की संभावना है। बजट आते ही काम को शुरू करा दिया जाएगा।
– प्रवीण कुमार, एई, जल निगम