Pilibhit News: गोमती उद्गम स्थल पर 2.52 करोड़ से बनेगा बहुउद्देश्यीय हाल
शासन की मंजूरी के बाद पूरनपुर विधायक ने अफसरों के साथ किया भूमिपूजन
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। गोमती उद्गम स्थल के लिए शासन की ओर से एक और सौगात मिली है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शासन ने 2.52 करोड़ की लागत से बहुउद्देश्यीय हाल के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सोमवार को विधायक बाबूराम पासवान ने पर्यटन विभाग और कार्यदाई संस्था से जुड़े अफसरों के साथ उद्गम स्थल पहुंचकर भूमि पूजन किया।
लखनऊ की शान गोमती नदी का उद्गम स्थल माधोटांडा क्षेत्र के फुलहर इलाके में स्थित है। पिछले पांच सालों से विकास कार्य के बाद उद्गम स्थल की तस्वीर काफी बेहतर हो गई। मंदिर क्षेत्र के अलावा झील के इलाकों में सौंदर्यीकरण के कई कार्य किए गए। इसके बाद क्षेत्र के अलावा दूरदराज इलाकों के भी श्रद्धालुओं का उद्गम स्थल के प्रति रुझान अधिक बढ़ गया। लंबे समय से उद्गम स्थल पर रोजाना बनारस की तर्ज पर आरती का भी आयोजन किया जा रहा है।
छह माह पूर्व पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान ने गोमती भक्तों की मांग पर उद्गम स्थल पर बहुउद्देश्यीय हॉल के प्रयास शुरू किए थे। शासन स्तर से पैरवी के बाद पर्यटन विभाग ने स्थलीय निरीक्षण कर प्रस्ताव शासन को भेजा था। अब प्रस्ताव को शासन से हरी झंडी मिल गई है। सोमवार को विधायक बाबूराम पासवान ने यूपीपीसीएल (उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड निर्माण इकाई बरेली) के प्रोजेक्ट मैनेजर मदन सिंह, तहसीलदार करम सिंह, भानु प्रताप सिंह के साथ उद्गम स्थल पर भूमि पूजन कर शिलावट का शिलान्यास किया। इस मौके पर भगवती सिंह, राममूर्ति सिंह आदि मौजूद रहे।
000
यह कराए जाएंगे कार्य
बहुउद्देश्यीय हॉल के निर्माण के लिए शासन ने 2.52 करोड़ के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। यूपीपीसीएल को कार्यदाई संस्था नियुक्त किया गया। इसके तहत 200 वर्ग मीटर जगह में चार वीआईपी सूट तैयार किए जाएंगे। तीन अतिरिक्त कमरों की भी व्यवस्था की जाएगी। हॉल में लाॅन और इंटरलॉकिंग भी लगाई जाएगी। इसके साथ ही विद्युत व्यवस्था के लिए 15 किलोवाट का जनरेटर भी प्रस्ताव में शामिल है।