Pilibhit News: एक रेडियोलॉजिस्ट, काम तमाम, डिजिटल एक्सरे मशीन डिब्बे में

पुरानी मशीन से मरीज का होता एक्सरे। संवाद
काफी कम मरीजों के हो पा रहे एक्स-रे, कई लौट रहे मायूस होकर
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। स्वशासी मेडिकल कॉलेज (संयुक्त जिला चिकित्सालय) में कहने के लिए तो दो-दो एक्सरे मशीन लगी हुईं हैं लेकिन लोवोल्टेज के कारण डिजिटल एक्सरे मशीन का प्रयोग नहीं हो पा रहा है, मशीन शोपीस बनी है। मशीन का इस्तेमाल न हो पाने से मैन्युअल मशीन पर ज्यादा भार पड़ रहा है। ऐसे में काफी कम मरीजों के एक्स-रे हो पा रहे हैं। काफी मरीजों को लौटना पड़ रहा है।
मेडिकल कॉलेज के रेडियोलॉजी कक्ष में प्रतिदिन 100 मरीज एक्सरे कराने पहुंचते हैं। मैन्युअल एक्सरे मशीन से छह घंटे के संचालन में सिर्फ 50 मरीजों का एक्सरे ही हो पाता है, क्योंकि एक मरीज के एक्सरे में ही पांच से सात मिनट तक का समय लग जाता है।
मरीजों को राहत मिले इसके लिए चार साल पहले जिला अस्पताल में डिजिटल एक्सरे मशीन मुहैया कराई गई थी, जो चालू हालत में तो है लेकिन लो वोल्टेज के कारण इसका संचालन नहीं किया जा रहा। पुरानी मशीन से ही एक्सरे हो रहे हैं। ऐसे में संख्या अधिक होने पर सभी मरीजों का एक्स-रे नहीं हो पाता। कई मरीज मायूस होकर लौट जाते हैं।
00
इसलिए बढ़ रहा बोझ
स्वशासी मेडिकल कॉलेज के रेडियोलॉजी कक्ष में मरीजों का भार इसलिए भी बढ़ जाता है क्योंकि जिले के अन्य किसी सरकारी अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट नहीं है। मार्ग दुर्घटना, मारपीट, दुष्कर्म जैसी घटनाओं में एक्सरे के लिए ही रोजाना करीब 20-25 लोग आते हैं। यह एक्सरे सिर्फ जिला अस्पताल में ही होते हैं। इसके अलावा ओपीडी और दूसरी सीएचसी-पीएचसी से भी मरीज यहां आते हैं।
00
सीएचसी में हो रहे महज साधारण एक्सरे
जिला अस्पताल के अलावा तीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों अमरिया, बिलसंडा और पूरनपुर में एक्सरे की सुविधा है लेकिन मेडिकोलीगल मामलों में इन अस्पतालों से भी मरीजों को एक्सरे के लिए जिला अस्पताल ही भेजा जाता है। टेक्नीशियन सिर्फ सामान्य मरीजों के एक्सरे करते हैं। वजह यह है कि मेडिकोलीगल एक्सरे में रेडियोलॉजिस्ट की रिपोर्ट लगती है। रेडियोलॉजिस्ट जिला अस्पताल में बैठते हैं। सीएचसी पर महज टेक्नीशियन बैठते हैं।
00
मरीजों ने बयां किया दर्द
मेरे बेटे को लंबे समय से सीने में दिक्कत है। दो दिन पहले जिला अस्पताल में दिखाया था, डॉक्टर ने एक्सरे के लिए लिखा। शुक्रवार को भी मेरा नंबर नहीं आया और शनिवार को भी एक्सरे नहीं हुआ।
– सोमवती, मंगतपुर
सुबह से लाइन में खड़ा हूं, पुलिस वाले आते हैं एक्सरे कराने के बाद चले जाते हैं लेकिन मेरा सामान्य मामला बताकर एक्सरे अभी नहीं किया जा रहा है। – जाबिद अली, मोहल्ला कबीरखां
00
डिजिटल एक्सरे मशीन है, लेकिन कुछ दिनों से लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है, बिजली आती-जाती रहती है, ऐसे में मशीन खराब हो सकती है, इसलिए इसे अभी नहीं चलाया जा रहा। दूसरी ओर मेडिकोलीगल मामलों की वजह से भी समस्या आती है।
– डॉ संजीव सक्सेना, प्रचार्य, स्वशासी मेडिकल कॉलेज

पुरानी मशीन से मरीज का होता एक्सरे। संवाद

पुरानी मशीन से मरीज का होता एक्सरे। संवाद