Pilibhit News: 7 करोड़ से बनेगी ओवरब्रिज के नीचे दो किलोमीटर लंबी सड़क

शहर के नौंगवा ओवरब्रिज के पास खस्ताहाल सड़क । संवाद
पीलीभीत। उपाधि कॉलेज चौराहे से नौगवां चौराहा होते हुए मंडी गेट तक जाने वाली सड़क के निर्माण के प्रस्ताव को शासन ने मंजूरी दे दी है। इसके लिए 7 करोड़ रुपये का बजट भी जारी किया गया है। दो किलोमीटर लंबी इस सड़क पर काफी गड्ढे हो गए थे, अब तक पैचवर्क कराके काम चलाया जा रहा था।
उपाधि कॉलेज चौराहे से मंडी गेट तक ओवरब्रिज बना हुआ है। पुल के नीचे ही अंडरपास होते हुए दोनों ओर सड़क भी बनी है। सड़क से अधिकांश वाहन और ई रिक्शा मंडी और असम चौराहे तक जाते हैं। यह सड़क काफी बदहाल है। जगह-जगह गड्ढे होने के कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही थी, जिसे देखते हुए लोनिवि की ओर से करीब छह माह पहले शासन को प्रस्ताव बनाकर भेजा गया था। शासन स्तर पर इसका प्रस्ताव लंबित पड़ा हुआ था।
उधर, गड्ढा मुक्त अभियान का आदेश आने के बाद विभाग की ओर से जहां-तहां पैचवर्क कराया गया था। इससे लोगों को गहरे गड्ढों से राहत मिल गई थी। अब शासन ने सड़क बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए सात करोड़ रुपये का बजट भी जारी कर दिया है। बजट जारी होने के बाद अधिकारी टेंडर की प्रक्रिया में लग गए हैं।
शासन से मंजूरी के बाद सात करोड़ रुपये का बजट पास किया गया है। इससे करीब दो किलोमीटर की सड़क बनाई जाएगी। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा।- उदय नरायन, अधिशासी अभियंता- लोनिवि