Pilibhit News: पिंक बूथों पर बनाए जाएंगे आंचल केंद्र, तैयारी शुरू
सभी दसों निकायों में तैयार किए जाएंगे पिंक बूथ के साथ आंचल केंद्र
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में हर निकाय में एक पिंक बूथ बनाया जाएगा। पिंक बूथ पर ही महिलाओं की सुविधा के लिए आंचल केंद्र को भी बनाने के आदेश दिए गए हैं। यहां पर महिलाएं मतदान के दौरान अपने नवजात को स्तनपान करा सकेंगी। इसके लिए भी पूरी व्यवस्था की जा रही है।
महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए विधानसभा चुनाव के बाद अब निकाय चुनाव में भी पिंक बूथ बनाने के आदेश जारी किए गए हैं। इसके लिए हर निकाय में एक-एक पिंक बूथ तैयार किया गया है। अब इन बूथों पर ही आंचल केंद्र भी बनाया जाएगा, जहां महिलाएं अपने नवजात को स्तनपान करा सकेंगी। आयोग से निर्देश मिलने के बाद अधिकारियों ने इसकी भी तैयारी शुरू कर दी है। पिंक बूथ पर पूरा स्टॉफ महिलाओं का ही रखा जाएगा। शहर में नगर पालिका में पिंक बूथ को बनाया जा रहा है।