Pilibhit News: टांके कटवाने की जिद पर अड़े युवक ने किया हंगामा
पुलिस बुलाने की चेतावनी पर हुआ शांत
स्वास्थ्य केंद्र पर पौन घंटे तक कार्य प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
बीसलपुर। टांके कटवाने की जिद पर अड़े युवक ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में काफी हंगामा किया। बाद में पुलिस बुलाने की चेतावनी पर वह शांत हुआ।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ.लेखराज गंगवार ने बताया कि नगर के एक युवक ने पीलीभीत के एक निजी अस्पताल में एक सप्ताह पूर्व अपने गाल का आपरेशन कराया था। युवक मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आया और टांके काटने को कहने लगा। स्वास्थ्य केंद्र के स्टॉफ वालों ने उसे सुझाव दिया कि वह टांके उसी अस्पताल में कटवाए, जहां उसने आपरेशन कराया है।
स्टॉफ वालों ने यह भी कहा कि यदि वे लोग टांके काटने का प्रयास करेंगे और खून बहने लगेगा तो स्थिति संभाल नहीं पाएंगे। इसके बाद भी युवक स्वास्थ्य केंद्र में ही टांके कटवाने की जिद करने लगा। साथ ही उसने हंगामा शुरू कर दिया। उसका कहना था कि यह कैसा सरकारी अस्पताल है, जहां टांके भी नहीं कट पा रहे।
जानकारी होते ही स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी करने के बाद युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवक जिद पर अड़ा रहा। हंगामे के कारण मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई थी। सरकारी काम में व्यवधान पड़ने लगा। दवा लेने आए मरीज परेशान होने लगे।
और कोई तरीका न देख प्रभारी चिकित्साधिकारी ने युवक को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि वह उनका सुझाव नहीं मानेगा, तो पुलिस को बुलाया जाएगा। यह कहते हुए प्रभारी चिकित्साधिकारी मोबाइल फोन पर पुलिस का नंबर भी मिलाने लगे। ऐसे में स्थिति भांपकर युवक शांत हो गया और घर चला गया। हंगामे के कारण करीब पौन घंटे तक स्वास्थ्य केंद्र का कामकाज बाधित रहा।