Pilibhit News: एडीजी व आईजी ने भारत-नेपाल सीमा पर देखी सुरक्षा व्यवस्था

थाना हजारा में पक्षियों के लिए दाना पानी डालते पुलिस अधिकारी ।
पीलीभीत। सेव ऑवर वर्डस मिशन के तहत एडीजी व आईजी ने हजारा थाने पहुंचकर पक्षियों के लिए दाना पानी की व्यवस्था कराई। साथ ही थाने का निरीक्षण किया। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया।
बुधवार को अपर पुलिस महानिदेशक पीसी मीना व पुलिस महानिरीक्षक डॉ राकेश सिंह ने हजारा पहुंचे। थाने में पहुंचकर उन्होंने सारी व्यवस्थाओं को देखा। इसके बाद गर्मी में पक्षियों की सुरक्षा संरक्षा व जीवन बचाने के लिए चलाए जा रहे सेव ऑवर वर्डस मिशन के तहत चौकी कंबोजनगर पर पक्षियों के लिए दाना पानी की व्यवस्था कराई। इसके बाद बार्डर चौकी कंबोजनगर के भारत नेपाल बार्डर पर सुरक्षा व्यवस्था को परखा।
बॉर्डर पर ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों, ग्राम प्रधानों चौकीदारों, रोजगार सेवकों, एवं अन्य संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक की। इसमें सीमावर्ती अपराध जैसे अवैध तस्करी, मादक पद्धार्थ की तस्करी आदि में एसएसबी, वन विभाग, लोकल इंटेलीजेंस एवं स्थानीय पुलिस को सहयोग करने की अपील की। जिससे कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके। इसके साथ ही सुरक्षा समिति के सदस्यों एवं आम जनमानस से उनकी समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली। गांव वालों को जागरूक करने व बाढ़ की स्थिति में नदी किनारे न जाने की अपील की गई। इस मौके पर एसपी अतुल कुमार व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।