Pilibhit News: धरना प्रदर्शन न होने से प्रशासन ने ली राहत की सांस

बीसलपुर। लोक निर्माण विभाग के मंत्री से पुल बनने के मिले आश्वासन बाद ग्रामीणों ने शनिवार को रोडवेज बस स्टैंड पर भाजपा विधायक के विरोध में किया जाने वाला धरना प्रदर्शन स्थगित कर दिया। इससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।
पुरैना क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों के ग्रामीणों ने पुरैना के सामने देवहा नदी पर नया पुल बनवाने की मांग को लेकर 21 से 23 नवंबर तक भाजपा विधायक विवेक वर्मा के आवास के सामने धरना प्रदर्शन किया था। 23 नवंबर को उपजिलाधिकारी महीपाल सिंह और पुलिस क्षेत्राधिकारी सतीश शुक्ला ने वार्ता के बाद धरना खत्म कर दिया था।
वार्ता में यह भी तय हुआ था कि यदि ग्रामीणों को इस संंबंध में कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला तो वे लोग दो दिसंबर से रोडवेज बस स्टैंड पर विधायक के विरोध में फिर धरना प्रदर्शन शुरू कर देंगे। उसके बाद प्रतिनिधि मंडल ने विधायक के साथ लखनऊ जाकर लोक निर्माण विभाग के मंत्री से मुलाकात की। बताया जाता है कि मंत्री ने उनकी मांग पूरी करने के मामले में अपने स्तर से हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। संवाद



