Pilibhit News: अधिवक्ताओं ने न्यायालय के बाहर किया हंगामा

बीसलपुर में उप जिलाधिकारी न्यायिक के न्यायलय के बाहर हंगामा करते अधिवक्ता । संवाद
बीसलपुर। अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी न्यायिक के न्यायालय में गलत ढंग से वादों की सुनवाई होने का आरोप लगाते हुए बुधवार को न्यायालय के बाहर हंगामा किया। अधिवक्ताओं की उपजिलाधिकारी से नोकझोंक भी हुई।
प्रगतिशील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आशुतोष शुक्ला ने बताया कि बुधवार को रामलीला मेले के सिलसिले में अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य न करने का निर्णय लेते हुए लिखित सूचना सभी स्थानीय न्यायालयों को समय पर भेज दी थी। बावजूद इसके उपजिलाधिकारी न्यायिक के न्यायालय में वादों की सुनवाई होने लगी। मामले की जानकारी होते ही काफी अधिवक्ता उपजिलाधिकारी न्यायिक आरके राजवंशी के पास गए और आपत्ति जताई।
आरके राजवंशी का कहना था कि वह अपने न्यायालय में बैठे लंंबित कार्यों को निपटा रहे हैं। कोई वादकारी आ रहा है तो उसकी बात सुन रहे हैं। उनका कहना था कि अधिवक्ता अपने वादकारियों को न्यायालय में आने से रोकें। उपजिलाधिकारी वादकारियों को अपने न्यायालय में आने से नहीं रोक सकते हैं। इस मुद्दे पर दोनों पक्षों में काफी नोकझोंक भी हुई। नोकझोंक के कारण न्यायालय में कुछ देर के लिए वादों की सुनवाई का कार्य रुक गया। अधिवक्ताओं ने न्यायालय से बाहर आकर हंगामा भी किया। इस मौके पर तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विष्णु बाजपेई, आशुतोष शुक्ला, श्याम कृष्ण, मनोज कुशवाहा, मुकेश शुक्ला, अनिल चौहान, देवेश बाजपेई, उमेश शुक्ला, उमेश वर्मा, मुकेश वर्मा, रामसिंह गंगवार, वीरपाल मौर्य आदि अधिवक्ता शामिल थे।