Pilibhit News: कार्य बहिष्कार को लेकर दो धड़ों में बंटे अधिवक्ता
बीसलपुर। बृहस्पतिवार को कार्य बहिष्कार के मुद्दे पर वकील दो गुटों में बंट गए। एक गुट कार्य बहिष्कार का हामी था तो दूसरा इसका विरोध कर रहा था। बाद में अधिवक्ता भीषण गर्मी का हवाला देकर न्यायिक कार्य से विरत रहे।
बृहस्पतिवार को स्थानीय न्यायालयों में न्यायिक कार्य करने और न करने के मुद्दे पर अधिवक्ता दो धड़ों में बंट गए। एक धड़े के अधिवक्ताओं का कहना था कि वे न्यायिक कार्यों से विरत नहीं रहेगें। दूसरे धड़े के अधिवक्ता भीषण गर्मी का हवाला देते हुए न्यायिक कार्यों से विरत रहने की बात कर रहे थे।
इस धड़े में अधिक वकील थे। इसे लेकर दोनों धड़ों के अधिवक्ताओं में काफी बहस हुई। बाद मेंं सर्वसम्मति से तय किया गया कि सभी अधिवक्ता भीषण गर्मी के कारण न्यायिक कार्यों से विरत रहेंगे। इस निर्णय की लिखित सूचना सभी न्यायालयों को भेज दी गई। एसडीएम संदीप यादव ने बताया कि अधिवक्ताओं के दोनों धड़ों ने भीषण गर्मी होने का हवाला देते हुए बृहस्पतिवार को न्यायिक कार्यों से विरत रहने का निर्णय लिया है।
00
पेशकार के न हटने तक काम नहीं करेंगे सिविल बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ता
सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सर्वेश सक्सेना की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुंसिफ न्यायालय के पेशकार के न हटने तक एसोसिएशन से जुड़े सभी अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से विरत रहेंगे। विज्ञप्ति में कहा गया है कि पेशकार की कार्यशैली बेहद खराब है। इससे अधिवक्ताओं को काफी दिक्कत होती है। उन्होंने बताया कि इस निर्णय की लिखित सूचना सिविल न्यायाधीश, जिला न्यायाधीश, उच्च न्यायालय इलाहाबाद और बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश को भेजी गई है।