पीलीभीत

Pilibhit News: टहलने निकले बुजुर्ग को पहले टक्कर मारी, फिर एंबुलेंस से लेकर 15 किमी भागा चालक, रास्ते में थम गईं सांसें

Connect News 24

पीलीभीत। बिलसंडा कस्बे में मंगलवार सुबह टहलने निकले एक सेवानिवृत्त शिक्षक के लिए एक एंबुलेंस और उसका चालक ही काल बन गए। एंबुलेंस की टक्कर से बुजुर्ग दर्शन सिंह (65) के घायल होने पर चालक बचने के लिए उन्हें अपने साथ ले भागा। करीब 15 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद बेटा बंडा में मुख्य चौराहा पर किसी तरह एंबुलेंस रोक पाया। मगर तब तक दर्शन सिंह की सांसें थम चुकी थीं।

परिषदीय विद्यालय से सेवानिवृत्त दर्शन सिंह बिलसंडा-बीसलपुर मार्ग पर टहलकर घर लौट रहे थे। करीब साढ़े पांच बजे ब्लॉक दफ्तर के पास एंबुलेंस ने टक्कर मार दी। दर्शन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक ने उन्हें सरकारी अस्पताल में इलाज कराने का बहाना बनाते हुए एंबुलेंस में डाल लिया और गाड़ी को बंडा की तरफ लेकर चल दिया। सूचना मिलने पर बेटे संजय सिंह ने बाइक से एंबुलेंस का पीछा किया। संजय ने मकसूदापुर फैक्टरी के पास चालक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने एंबुलेंस नहीं रोकी। बंडा में एंबुलेंस के आगे अपनी बाइक लगा दी, तब चालक हत्थे आ सका। गुस्साए लोगों ने चालक सुखजीत उर्फ सुक्खी को पीटने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। एंबुलेंस से दर्शन सिंह को उतारा गया लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

वहीं बंडा इंस्पेक्टर प्रदीप सहरावत का कहना है कि एंबुलेंस चालक अस्पताल ढूंढ रहा था, रास्ते में कहीं न मिलने पर वह बंडा तक पहुंच गया। बिलसंडा थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

पंजाब से शव लेकर बहराइच जा रहा था चालक

जिला बहराइच के गांव सिंजोही निवासी पातीराम का 20 वर्षीय पुत्र सुदामा पंजाब के होशियारपुर जिले में मजदूरी करने गया था। बीमारी से उसकी मृत्यु हो गई थी। उसके भाई अंकुर और विक्रम शव लेकर एंबुलेंस से बहराइच जा रहे थे। बंडा पुलिस द्वारा चालक को हिरासत में लेने के बाद दूसरी एंबुलेंस से शव को बहराइच भेजा गया।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button