Pilibhit News: आज रक्षाबंधन के लिए बाजार गुलजार… बच्चों को भा रहीं कार्टून के पात्रों वाली राखियां

शहर की स्टेशन रोड पर सजी एक राखी की दुकान पर राखिया पसन्द करती महिलाएं । संवाद
पीलीभीत। रक्षाबंधन के लिए बाजार अब पूरी तरह से गुलजार है। मुख्य चौराहों पर छोटे दुकानदारों ने दुकानें सजा ली हैं। बच्चों के लिए बाजार में कार्टून के पात्रों वाली राखियां लुभा रही हैं। चांदी की राखियां भी बहनें खरीद रहीं हैं। हालांकि चांदी का भाव बढ़ने से बिक्री पिछले साल जैसी नहीं है। रेशम के धागों वाली और ब्रेसलेट राखियां ज्यादा पसंद की जा रहीं हैं।
रक्षाबंधन का पर्व इस बार दो दिन मनाया जा रहा है। इसको लेकर लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। हालांकि अधिकांश लोग रक्षाबंधन बुधवार 30 अगस्त को ही मनाएंगे। शहर के मुख्य मार्गों से लेकर प्रमुख चौराहों पर राखियों की दुकानें अब पूरी तरह सज चुकी है। बच्चों को कार्टून के पात्रों वाली राखियां खूब भा रही हैं। रेशम के धागे की राखियां महिलाओं की पसंद बनी हुई हैं। युवाओं के लिए ब्रेसलेट वाली राखियां भी नए लुक में बाजार में आईं हैं।
मिठाइयां पहचान की दुकान से ही खरीदें
रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक आते ही मिठाई व्यापारियों ने मावा व दूध अभी से एकत्र करना शुरू कर दिया है। ऐसे में ग्राहकों को खरीददारी करते समय बेहद जागरूक रहने की जरूरत है। कई दिन पुरानी मिठाई सेहत पर भारी पड़ सकती है। हालांकि मिठाइयों के मूल्य में अभी कोई विशेष अंतर नहीं आया है। ऐसे में जरूरी है कि मिठाई पहचान वाली विश्वसनीय दुकान से ही खरीदें।
बीलसपुर में भी सजीं राखी की दुकानें
बीसलपुर। रक्षाबंधन के मद्देनजर नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र में राखी की दुकानें सज गई हैं। नगर में तहसील रोड, बारह पत्थर रोड, बारह पत्थर चौराहा, स्टेशन रोड, बड़ा चौराहा आदि इलाकों में राखी की दुकानें सज गईं हैं। इसके अलावा बिलसंडा, बरखेड़ा, टिकरी, मानपुर, दियोरिया, मधवापुर, मकरंदापुर, ईंटगांव, चुर्रासकतपुर, अमृताखास, रढ़ैता, गुलैंदा, मानपुर, जोगीठेर, जसोली और दिवाली आदि गांवों में भी राखी की दुकानें सज गईं हैं।

शहर की स्टेशन रोड पर सजी एक राखी की दुकान पर राखिया पसन्द करती महिलाएं । संवाद

शहर की स्टेशन रोड पर सजी एक राखी की दुकान पर राखिया पसन्द करती महिलाएं । संवाद