Pilibhit News: मां की डांट से क्षुब्ध छात्रा ट्रेन के आगे कूदी, दोनों हाथ कटे
पीलीभीत। मां की डांट से नाराज बीएससी की छात्रा बनकटी रोड पर रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रेन के आगे कूद गई। छात्रा तो बच गई, लेकिन उसके दोनों हाथ ट्रेन की चपेट में आकर कट गए। घायल छात्रा को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे बरेली रेफर कर दिया गया।
न्यूरिया क्षेत्र के गांव मुड़िया रतनपुरी के मलखान सिंह ने बताया कि उनकी पुत्री कामिनी शहर के एक कॉलेज में बीएससी की छात्रा है। शनिवार की सुबह उसकी मां सुंदरकली ने किसी बात को लेकर उसे डांट दिया। इसके बाद वह करीब नौ बजे साइकिल से घर से निकल गई। इसी दौरान टनकपुर से बरेली को जा रही त्रिवेणी एक्सप्रेस कचहरी के पास बनकटी रोड के समीप से गुजर रही थी। रेलवे क्रॉसिंग के नजदीक पहुंचने पर छात्रा ट्रेन के आगे कूद गई। छात्रा को ट्रेन के आगे देख एकाएक लोको पायलट ने हल्के ब्रेक लगा दिए। तब तक छात्रा ट्रेन की चपेट में आ चुकी थी। इससे छात्रा के दोनों हाथ कट गए। फाटक के पास छात्रा के गांव के भी कुछ लोग मौजूद थे। उन्होंने छात्रा को पहचान लिया। मामले की जानकारी ग्राम प्रधान को दी गई। घायल अवस्था में ग्रामीण छात्रा को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने छात्रा को प्राथमिक उपचार करने के बाद बरेली रेफर कर दिया।