Pilibhit News: प्रशासन के रवैए से नाराज व्यापारियों ने प्रदर्शन कर भ्रष्टाचार का पुतला फूंका

जेपी रोड पर पुतला फूुकते व्यापारी । संवाद
पीलीभीत। लगातार व्यापारियों की अनदेखी से नाराज भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने रविवार को जेपी रोड बरेली गेट के पास प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की व भ्रष्टाचार का पुतला फूंका। व्यापारियों ने कहा कि लापरवाह अफसर केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों पर पानी फेर रहे हैं। इससे जिले का व्यापारी परेशान है। पीएम-सीएम को विधायक व सांसद के माध्यम से पत्र भेजकर ऐसे अफसरों की कारगुजारी के बारे में बताया जाएगा।
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के नेतृत्व में व्यापारी अपराह्न करीब एक बजे शहर के जेपी रोड पर एकत्रित हुए। यहां प्रशासन व भ्रष्टाचार के विरोध में व्यापारियों ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद भ्रष्टाचार का पुतला फूंका। इस दौरान भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि केंद्र व प्रदेश में जनकल्याणकारी नीति पर प्रशासनिक अफसर पानी फेर रहे हैं।
विकास में पीलीभीत जनपद पिछड़ता चला जा रहा है। जनता परेशान है। व्यापारी व किसान त्रस्त हैं। बावजूद इसके प्रशासन व्यापारियों व जनसमस्याओं की अनदेखी कर रहा है। जिला मुख्यालय होने के बावजूद नगर की स्थिति बहुत खराब है। व्यापारियों को बुलाकर उनसे बातचीत नहीं की जाती। लंबे समय से व्यापारी बैठक में समस्याएं बता रहे हैं, लेकिन उन पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता।
प्रदर्शन करने वालों में अभिषेक अग्रवाल, अभिनेब सिंह, रजत कुमार, अतुल अग्रवाल, प्रयांश अग्रवाल, अंकुर अग्रवाल, विजय यादव, अंकुश अरोरा, दीपांशू अग्रवाल, गौरव, हैप्पी, नीरज श्रीवास्तव, रचित, राजेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
ये हैं मांगें
व्यापारियों के 13 सूत्री मांगपत्र में मुख्य रूप से लंबे समय से जिले में डटे अधिकारियों का स्थानांतरण नीति के तहत तबादला करने, विकास कार्य में आड़े आने वाले अधिकारियों को हटाने, ललौरीखेड़ा व अन्य औद्योगिक स्थानों में खाली शेड व भूखंड का आवंटन करने, पालिका की खाली पड़ी जमीन पर नई दुकानों का निर्माण एवं आवंटन करने, पुराने बाजारों का सुंदरीकरण करने, शहर का ट्रैफिक सुधारने, रेहड़ी-पटरी व्यापारियों के लिए सम्मानपूर्वक स्थान सुनिश्चित किए जाने की मांगें शामिल हैं।
पीपे बजाकर जताया विरोध
व्यापारियों ने विरोध को लेकर नया तरीका अपनाया। उन्होंने बाजार में पीपे बजाकर प्रशासन के विरोध में नारेबाजी की। व्यापारियों का कहना है कि प्रशासनिक अधिकारी व्यापारियों व आम जनता की आवाज सुन ही नहीं रहे हैं। भ्रष्टाचार का बोलबाला है, इसलिए उन्हें सुनाने के लिए यह तरीका अपनाया गया।

जेपी रोड पर पुतला फूुकते व्यापारी । संवाद

