पीलीभीत

Pilibhit News: रेलवे के अंडरपास में बांधे जा रहे जानवर

Connect News 24

Animals being tied in railway underpass

बीसलपुर के गांव गंगानगर के पास ​स्थित अंडरपास में बंधे पशु । संवाद

बीसलपुर। गंगानगर गांव के पास स्थित रेलवे का अंडरपास तबेला बनकर रह गया है। यहां ग्रामीण अपने पालतू पशु बांध रहे हैं। रोजाना सुबह यहां बड़ी संख्या में पशु बांध दिए जाते हैं, इसके बाद शाम को खोलकर इन्हें घर ले जाया जाता है। खास बात यह है कि जानकारी के बावजूद रेलवे के अधिकारियाें ने अब तक कोई सुध नहीं ली है।

गांव गंगानगर के पास रेलवे ने अंडरपास ग्रामीणों की सहूलियत के लिए बनवाया था। इससे होकर गंगानगर, भोगापुर, सकुटिया, जसकरनापुर समेत दस से ज्यादा गांवों के लोग गुजरते हैं। मौजूदा समय में यह अंडरपास से ज्यादा तबेला नजर आ रहा है। वजह है कि अंडरपास में एक तरफ ग्रामीणों ने अपने पशु बांधने शुरू कर दिए हैं। एक लाइन से बंधे ये पशु अंडरपास में गंदगी भी करते हैं। इन पशुओं से उधर से गुजरने वाले लोगों को खतरा रहता है। ग्रामीण इन पशुओं को सुबह बांध देते हैं और शाम को खोलकर अपने घर ले जाते हैं। खास बात यह है कि इनकी निगरानी भी कोई नहीं करता। गांव के लोग कई बार रेेलवे के अधिकारियों को भी इस संबंध में बता चुके हैं, बावजूद इसके स्थिति जस की तस है।

कार्रवाई न होते देख बढ़ती चली गई जानवरों की संख्या

राहगीरों ने बताया कि पहले एक-दो जानवर यहां बंधते थे। इसके बाद एक-एक करके कई ग्रामीणों ने यहां अपने जानवर बांधने शुरू कर दिए। अब करीब 10 से 15 जानवर बांधे जा रहे हैं। अगर इन्हें नहीं रोका गया तो जल्द ही यहां जानवराें की संख्या और बढ़ जाएगी।

इस तरह का कोई मामला संज्ञान में नहीं आया है। ग्रामीणों को समझाकर अंडरपास में बंधे पशुओं को हटवाया जाएगा। अगर ग्रामीण नहीं मानेंगे तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।- राजेंद्र सिंह, पीआरओ, इज्जतनर मंडल, रेलवे


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button