Pilibhit News: ऑपरेशन के नाम पर रुपये लेने के आरोप में डॉक्टर से मांगा जवाब
पीड़ित ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर डॉक्टर व अन्य स्टाफ के खिलाफ की थी शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। मरीज से अवैध वसूली के आरोप में घिरे मेडिकल कॉलेज की महिला इकाई में तैनात डॉक्टर व अन्य स्टाफ से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जवाब आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
कलीनगर क्षेत्र के बासखेड़ा निवासी राजेश कुमार ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत में कहा था कि 23 अक्तूबर को वह अपनी पत्नी का सीजर करने मेडिकल कॉलेज पहुंचे। तभी एक युवक मिला जिसने कम खर्चे में ऑपरेशन करा देने का दावा किया।
आरोप है कि अस्पताल के स्त्री रोग विशेषज्ञ ने ऑपरेशन के नाम पर पांच हजार की मांग की। इस पर मजबूर होकर उसने संबंधित डॉक्टर के चालक को पांच हजार रुपये दे दिए। इसके बाद पत्नी का ऑपरेशन किया गया।
ऑपरेशन के बाद वार्ड ब्वाय ने बच्चा देने के नाम पर दो हजार रुपये वसूल लिए। पीड़ित ने मामले में कार्रवाई की मांग की। मुख्यमंत्री पोर्टल पर हुई शिकायत के बाद मेडिकल कॉलेज में खलबली मच गई।
अफसरों ने संबंधित डॉक्टर और स्टाफ से स्पष्टीकरण तलब किया। महिला इकाई के प्रभारी डॉ. राजेश ने बताया कि शिकायत के आधार पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। स्पष्टीकरण का जवाब मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
–
पहले भी लग चुका है आरोप
संबंधित डॉक्टर के खिलाफ अवैध वसूली का यह पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी इन पर कई बार अवैध वसूली के आरोप लग चुके है, लेकिन आज तक कोई भी ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। यही वजह है कि संबंधित डॉक्टर की मनमानी बढ़ती जा रही है।