Pilibhit News: आवक घटी तो प्याज भी रुलाने लगा

मंडी में प्याज की छटाई करती महिला । संवाद
पीलीभीत। पिछले कुछ दिनों से प्याज की कीमतों में एकाएक उछाल आया है। पिछले सप्ताह फुटकर में 35 से 40 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रहा प्याज अब 60 से 80 रुपये तक बिक रहा है।
थोक बाजार में भी बीते कुछ दिनों में 10 से 20 रुपये प्रति किलोग्राम की तेजी देखने को मिली है। बीते चार-पांच दिन से ही प्याज के दाम बढ़े हैं। त्योहारी सीजन से पहले टमाटर के दाम भी काफी चढ़ गए थे। टमाटर के दाम गिरे तो अब त्योहारी सीजन में प्याज के दाम चढ़ने लगे हैं। ठेले वाले पॉश काॅलोनी में तो प्याज 80 रुपये किलो तक बेच रहे हैं, जबकि मोहल्लों में ठेले वाले 60 रुपये किलो प्याज बेच रहे हैं।
सब्जी विक्रेता राकेश का कहना है कि दाम बढ़ने के कारण बाजार में प्याज की मांग कम हुई है। पहले ठेले पर दिन में करीब 15-20 किलो प्याज बिक जाती थी, अब पांच-छह किलो ही बिक पा रही है। दाम बढ़ने का असर मंडी में साफ दिख रहा है। पहले आठ-दस आढ़ती थोक में प्याज मंगवाते थे, लेकिन दाम बढ़ने के कारण मांग में कमी आने पर महज दो-तीन आढ़ती ही प्याज मंगवा रहे हैं। मंडी में पहले 500-600 कट्टे रोजाना बिक जाते थे, अब महज 200 से 250 कट्टे ही बिक पा रहे हैं।
पिछले चार-पांच दिन से प्याज के दाम बढ़ गए हैं। मंडी में इंदौर व नासिक से प्याज आता है। पिछले दिनाें से प्याज कम आ रहा है। दाम बढ़ने के कारण कम ही आढ़ती प्याज मंगवा रहे हैं। थोक में 60 रुपये किलो प्याज बिक रहा है।- मोबीन, मुनीम, आढ़त
थोक में ही प्याज 50-60 रुपये किलो मिल रहा है। जिस कारण फुटकर में 60 से 80 रुपये किलो प्याज बेचा जा रहा है। दाम बढ़ने के कारण लोग ढाई सौ ग्राम व आधा किलो प्याज ले रहे हैं, जो पहले एक-एक किलो लेते थे।- ओमप्रकाश, सब्जी विक्रेता

मंडी में प्याज की छटाई करती महिला । संवाद

मंडी में प्याज की छटाई करती महिला । संवाद



