Pilibhit News: मौसम बिगड़ते ही धोखा देने लगी बिजली

फाल्ट ठीक करता विद्युत कर्मचारी। संवाद
– रविवार रात से सोमवार देर शाम तक कई इलाकों में बनी रही बिजली की समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। शहर की बदहाल विद्युत व्यवस्था मौसम के बदलने से और भी बदतर हो गई। जरा सी बारिश और हवा चलने से रविवार रात से सोमवार देर शाम तक शहर के कई इलाकों में बिजली ठप रही। जिससे उपभोक्ता काफी परेशान रहे। विद्युत कर्मचारी फाॅल्ट को दुरुस्त करने में जुटे रहे, इसके बाद भी कई इलाकों में सप्लाई प्रभावित रही।
शहर की विद्युत व्यवस्था की बात करें तो यहां जर्जर लाइनों और पुराने हो चुके ट्रांसफार्मर के सहारे आपूर्ति मुहैया कराई जा रही है। शेड्यूल के मुताबिक बिजली मुहैया कराने के लिए अफसरों की ओर से प्रयास किए जाते हैं, लेकिन संसाधनों के अभाव में स्थिति में सुधार नहीं हो पाता। आए दिन फाॅल्ट की समस्या से उपभोक्ता परेशान रहते हैं।
ऐसे में रविवार को भी मौसम में बदलाव के साथ विद्युत व्यवस्था लड़खड़ाने लगी। फाॅल्ट के चलते शहर के मोहल्ला देश नगर, मोहल्ला अशरफ खान, कमल्ले चौराहा, बेलो वाले चौराहे के अलावा मौर्य मार्केट, नई बस्ती, मोहल्ला साहूकारा, थानसिंह, नई बस्ती और मोहल्ला डालचंद में घंटों आपूर्ति प्रभावित रही। परेशान उपभोक्ताओं ने विद्युत कर्मचारियों को सूचना दी। जिसके बाद कर्मचारी फाॅल्ट को दुरुस्त करने में जुटे।
अवर अभियंता जहांगीर आलम ने बताया कि फॉल्ट को दुरुस्त कर आपूर्ति को सुचारू किया जा रहा है।
00
बरखेड़ा के 110 गांवों में ठप रही बिजली
बरखेड़ा। तेज हवा के साथ बारिश होने से 33 केवीए मुख्य विद्युत लाइन में खराबी आ गई। इससे नगर के अलावा देहात क्षेत्र के 110 गांवों में करीब 15 घंटे आपूर्ति ठप रही।
रविवार की शाम को करीब 8 बजे कस्बे में स्थित विद्युत उपकेंद्र के कंट्रोल रूम से कस्बा व देहात की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई। इसके बाद रात करीब 11 बजे जिला मुख्यालय स्थित रूपपुर कमालू विद्युत केंद्र से कस्बा बरखेड़ा में स्थित विद्युत उपकेंद्र को आने वाली 33 केवीए मुख्य विद्युत लाइन में खराबी आ गई। जिससे नगर व देहात की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।
मुख्य विद्युत लाइन में खराबी आने के चलते कस्बा सहित क्षेत्र के करीब 110 ग्रामों में अंधेरा छा गया। सोमवार को विद्युत विभाग के कर्मचारियों के मुख्य लाइन की पेट्रोलिंग कर लाइन में आई कमी को ढूंढ कर दूर किया गया। तब जाकर करीब 11:30 बजे मुख्य विद्युत लाइन सही हो पाई। आपूर्ति ठप रहने से नगर एवं देहात के उपभोक्ताओं को गर्मी के चलते काफी परेशानी उठानी पड़ी। संवाद