Pilibhit News: पिछड़ा वर्ग के बेरोजगारों को मिलेगा मुफ्त कंप्यूटर प्रशिक्षण
पीलीभीत। पिछड़े वर्ग के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए शासन की ओर से निशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें प्रवेश लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह प्रक्रिया 7 जुलाई तक चलेगी। प्रशिक्षण के लिए जिले में तीन संस्थानों का चयन किया गया है।
प्रशिक्षणार्थियों को ओ लेवल एवं ट्रिपल सी का प्रशिक्षण निशुल्क दिया जाता है। इसके लिए जिले में पूर्व में तीन कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्रों का निरीक्षण किया गया था। मानकों पर खरा उतरने के बाद इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी गई थी। शासन की ओर से तीनों केंद्रों को मंजूरी दे दी गई। मंजूरी के बाद अब प्रशिक्षण के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है।
यह प्रक्रिया सात जुलाई तक चलेगी। इसके लिए विभाग की वेबसाइट पर युवा ऑनलाइन आवेदन का प्रिंट आउट ले सकते हैं। इसके लिए उनको आय व जाति प्रमाणपत्र, हाईस्कूल का अंकपत्र, इंटरमीडिएट का अंकपत्र एवं आधार कार्ड की छाया प्रति हार्डकॉपी कार्यालय जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी के यहां जमा करनी पड़ेगी।
यह तय किए गए मानक
ओ लेवल एवं सीसीसी के लिए अभिभावकों की वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक न हो। अभ्यर्थि की आयु 18 से 35 वर्ष से अधिक के बीच हो। आवेदक की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट से कम न हो। साथ ही किसी भी संस्था से छात्रवृत्ति न प्राप्त कर रहा हो। ऐसे लोग योजना के पात्र माने गए हैं। इसके साथ ही अभ्यर्थी किसी भी शिक्षण संस्थान में संस्थागत के रूप में अध्ययनरत न हो।
..
शासन से निर्देश के बाद ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सात जुलाई तक आवेदन भरे जा सकेंगे। आवेदन करने वाले छात्रों को उनके मनचाहे शिक्षण संस्थानों में प्रवेश दिलाया जाएगा। ओ लेवल कंप्यूटर प्रशिक्षण की अवधि एक वर्ष और सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण की अवधि तीन माह तय की गई है। – केपी सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी