Pilibhit News: बल्लभनगर कॉलोनी में तीन दिन से रुला रही बिजली

शहर में बिजली सही करता कर्मचारी। संवाद
शहर के अन्य इलाकों में भी बिजली की आवाजाही ने रुलाया
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। शहर की बल्लभनगर कॉलोनी में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह से अस्त-व्यस्त है। जिस कारण यहां के लोग परेशान हैं पर उनकी सुनने वाला कोई नहीं है।
मंगलवार को यहां बिजली आती-जाती रही जो बुधवार को दोपहर बाद ठीक हो सकी। इधर नौगवां पकड़िया में भी मंगलवार को पूरी रात बिजली ने परेशान किया। साथ ही अग्रवाल सभा, रंगीलाल चौराहा, सुनहरी मस्जिद, तहसील रोड, हैदरी मस्जिद,आर्युवैदिक कॉलेज के पीछे, ड्रमंड गंज चौराहा, छोटा मार्केट समेत कई स्थानों पर बिजली अस्त-व्यस्त रही।
00
पूरनपुर में भी रहा विद्युत संकट
पूरनपुर। नगर सहित क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बुधवार को भी लड़खड़ाई रही। भीषण गर्मी में अस्त-व्यस्त बिजली सप्लाई से उपभोक्ताओं को काफी असुविधा हुई।
बुधवार सुबह साढ़े सात बजे पूरे नगर की बिजली आपूर्ति एक घंटा के लिए रोस्टरिंग में बंद रही। 11 बजे मंडी समिति के पास तार टूटने से फीडर नंबर दो की बिजली आपूर्ति डेढ़ घंटे बंद रही। साढ़े 11 बजे मोहल्ला बमनपुरी में पानी की टंकी के पास केबल में आग लगने से फीडर नंबर चार की आपूर्ति करीब दो घंटे तक बंद रही। सीमेंट रोड पर दोपहर दो बजे फाॅल्ट होने पर फीडर नंबर तीन और सिरसा रोड पर फाॅल्ट पर फीडर नंबर एक की बिजली आपूर्ति घंटों बंद रही। इसके अलावा पूरे नगर समेत क्षेत्र में बिजली आपूर्ति आने, जाने का क्रम चलता रहा। एसडीओ (बिजली) प्रवीन कनौजिया ने बताया कि तेज हवा के चलते फाॅल्ट से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। संवाद
00
बीसलपुर में भी बिजली का संकट
बीसलपुर। विभागीय अनदेखी के चलते नगर में विद्युत आपूर्ति गड़बड़ा गई है। यहां 24 में बमुश्किल आठ घंटे विद्युत आपूर्ति हो रही है। इसके साथ ही लो वोल्टेज का संकट भी बना रहता है। इस संबंध में पावर कारपोरेशन के अधिशासी अभियंता अमित कुमार आनंद ने बताया कि विद्युत कटौती ऊपर से ही हो रही है। संवाद