Pilibhit News: रेलवे क्रॉसिंग बंद हुआ तो आएगी दिक्कत
डीएम ने ज्ञापन का लिया संज्ञान, डीआरएम को भेजा पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। पीलीभीत-पूरनपुर के बीच रेलवे क्राॅसिंग को बंद करने के दौरान होने वाली समस्या को लेकर भाकियू ने डीएम को ज्ञापन दिया था। इसमें कहा गया था कि फाटक के बंद होने से कई गांवों के लिए आने-जाने की समस्या हो जाएगी। ज्ञापन का संज्ञान लेकर डीएम ने डीआरएम को पत्र भेजा है।
पीलीभीत से पूरनपुर रेल मार्ग के मध्य कल्याणपुर माला के बीच रेलवे क्रॉसिंग बंद करने के मामले में भारतीय किसान यूनियन की ओर से जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया गया था। ज्ञापन में कहा गया था कि पीलीभीत से पूरनपुर रेल मार्ग के मध्य कल्याणपुर माला के बीच तथा नहर पुल के पास रेलवे क्रॉसिंग शुरुआत से खुला हुआ है। क्षेत्रवासियों का निरंतर आना जाना रहता है। रेलवे ने फाटक बंद किया तो लोगों को 20 किलोमीटर घूम कर आना पड़ेगा।
भारतीय किसान यूनियन के ज्ञापन का संज्ञान लेकर जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने मंडल रेल प्रबंधक इज्जतनगर को पत्र भेजा है। इसमें कहा गया है कि जनहित को देखते हुए रेलवे फाटक को बंद न किया जाए। यदि बंद होता है तो वहां की जनता को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इधर भारतीय किसान यूनियन के बलवीर सिंह ने कहा कि उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया गया तो जन समस्या को लेकर जल्द ही आंदोलन किया जाएगा।