Pilibhit News: वृद्धा ने नहर में लगाई छलांग, लोगों ने बचाया
-मानसिक स्थिति नहीं है ठीक, पुलिस ने सीएचसी में कराया भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत/अमरिया। थाना अमरिया क्षेत्र के गांव उदयपुर निवासी चंपा देवी ने कस्बे के पास स्थित नहर में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों ने वृद्धा को कूदते हुए देख लिया, जिस पर उन्हें बचाने में सफल रहे।
गांव उदयपुर निवासी सीमा ने बताया है कि उनकी मां चंपा देवी (60) पत्नी रूपलाल 15 दिन पूर्व थाना न्यूरिया क्षेत्र के गांव पंडरी स्थित अपने मायके गईं हुईं थी। सीमा मां को लेने के लिए तीन दिन पूर्व ही गांव पंडरी पहुंचीं, इसके बाद बुधवार को वह अपनी मां के साथ टेंपो से अमरिया स्थित स्टैंड पर पहुंचीं। जहां पहुंचने पर वह थोड़ा दूरी पर थी, जबकि मां आगे बढ़ गईं। इसी दौरान उसकी मां ने डियूनी डैम से परेवा को जाने वाली अप्सरा नहर में छलांग लगा दी।
यह वाकया वहां खड़े लोगों ने देख लिया। इस पर वहां मौजूद टाइम कीपर सुल्ताना व पड़ोस में लगे जूस के ठेले पर मौजूद युवक तुरंत ही नहर में कूद गए और वृद्धा को निकाल लिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने वृद्धा को सीएचसी अमरिया में भर्ती कराया गया है। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। सीमा ने बताया है कि उनकी मां की मानसिक हालत सही नहीं रहती है। उसने बताया है कि रास्ते में सफर के दौरान भी मां ने कई बार कूदने का प्रयास किया था।