Pilibhit News: बरेली के लैब टेक्नीशियन ने फंदे पर लटक कर दी जान

मृतक हरिओम ।
पीलीभीत। पत्नी के साथ ससुराल में रह रहे दामाद ने ससुरालियों की गैर मौजूदगी में फंदे से लटककर जान दे दी। दरवाजा अंदर से बंद होने पर सास पड़ोसियों की छत से घर में घुसी तो दामाद का शव फंदे से लटका हुआ था। सूचना मिलते ही सुनगढ़ी व कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। उधर, मृत युवक की बहन ने भाभी पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसकी पिटाई तक कर दी।
बरेली की सनराइज कॉलोनी के रहने वाले हरिओम सक्सेना (40) का विवाह शहर की एकता नगर कॉलोनी निवासी आकृति सक्सेना पुत्री वीरेंद्र कुमार से नौ वर्ष पूर्व हुआ था। हरिओम बरेली के जोगीपुरा में स्थित पीएचसी में लैब टेक्नीशियन थे, जबकि पत्नी आकृति पीलीभीत के पौटा कलां में स्वास्थ्य विभाग में सीएचओ हैं। आकृति अपनी मां प्रबोदनी देवी के साथ यहां रहती हैं। बेटा भी पीलीभीत के एक स्कूल में पढ़ता है।
हरिओम का बरेली व अपनी ससुराल में आना-जाना लगा रहता था। तीन दिन पूर्व बेटे ईशान के स्कूल में वार्षिकोत्सव था। उसमें शामिल होने के लिए हरिओम यहां आए हुए थे। तबीयत खराब होने की वजह से वह बरेली नहीं गए थे। बुधवार की सुबह पत्नी आकृति ड्यूटी पर चली गई। उधर, हरीओम अपना टेस्ट कराने के लिए शहर की एक निजी लैब गए थे। बताते हैं कि वहां से कुछ देर बाद घर लौट आए थे। इसी दौरान सास कुछ काम से बैंक चली गईं। वहां से लगभग वह पौन बजे लौटीं। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक जब दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसी की छत से अपनी छत पर पहुंचकर जीने का दरवाजा तोड़कर वह नीचे आ गईं। अंदर का नजारा देखकर वह भौचक्की रह गईं। दामाद हरिओम कमरे में पंखे से दुपट्टे का फंदा बनाकर लटके हुए थे। उन्होंने सूचना बेटी और दामाद के परिजन को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृत युवक की बहन ने पत्नी पर आरोप लगाते हुए की मारपीट
हरिओम बुधवार को अपनी बहन के साथ किसी ज्योतिष के पास अपनी कुंडली दिखाने जाने वाले थे। बुधवार को जब परिजनों को सूचना दी गई तो पता चला कि उसने आत्महत्या कर ली है। भाई की ससुराल पहुंचते ही उसने अपनी भाभी के साथ मारपीट शुरू कर दी। मौके पर मौजूद लोगों के समझाने पर बहन को दूर किया गया। लड़के पक्ष का आरोप है कि पत्नी व उसके घरवाले हरिओम पर पीलीभीत में ससुराल में रहने का दबाव बना रहे थे।
आत्महत्या से पहले हरिओम ने पत्नी को की वीडियो कॉल
हरिओम और उसकी पत्नी आकृति के बीच मंगलवार की शाम किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। बुधवार को आत्महत्या से पहले उसने अपनी पत्नी को वीडियो कॉल कर बताया कि वह फंदे पर लटकने जा रहा है। पत्नी ने ऐसा न करने की हिदायत भी दी, लेकिन उसकी एक बात नहीं सुनी। हालांकि पुलिस इस तरह की वीडियो कॉल होने की जानकारी से इन्कार कर रही है।

मृतक हरिओम ।