Pilibhit News: पैंटून पुल से निकलते समय बाइक सवार शारदा नदी में गिरे
पुल पर रेलिंग नहीं होने से हादसा, बमुश्किल निकाला गया
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। बिना रेलिंग के पैंटून पुल से निकलते समय बाइक सवार शारदा नदी में गिर गए। पुल के समीप मौजूद बबलू मांझी ने नदी में छलांग लगा दी। लोगों के सहयोग से दोनों को बमुश्किल नदी के बाहर निकाला।
घटना बुधवार शाम की है। पुल की देखरेख करने वाले बबलू मांझी ने बताया कि शाम करीब साढ़े छह बजे पूरनपुर की ओर से एक पिकअप हजारा की ओर जा रही थी। इस दौरान खजुरिया की ओर से बाइक से आ रहे गांव माधोटांडा निवासी लाखन कश्यप (48) और पूरनपुर के मोहल्ला चौक निवासी सुरेश (45) को संकरा पुल होने के कारण रोकने की कोशिश की, पर वे नहीं रुके। ऐसे में दोनों नदी में गिर गए। पिकअप सवारों ने शोर मचाया। इस पर वह बाइक सवारों को बचाने के लिए नदी में कूद गया। बमुश्किल दोनों बाइक सवारों को लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।
000000
अधिशासी अभियंता के निरीक्षण के बाद हुई घटना
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता उदित राम ने बुधवार को पैंटून पुल का निरीक्षण किया था। पुल में रेलिंग न होने पर उन्होंने पुल के दोनों ओर बल्लियां लगाने के निर्देश दिए थे, उस समय बल्लियां उपलब्ध न होने की जानकारी अधिशासी अभियंता को दी गई थी। उनके जाने के करीब आधा घंटा बाद ही यह घटना हो गई। यहां बता दें इससे पहले उदितराम ने कहा थी कि रेलिंग के लिए मैटेरियल मंगाया गया था पर वह नहीं मिला। पैंटून पुल 15 जून से बंद हो जाएगा, इलाहाबाद कुंभ से रेलिंग का मैटेरियल मंगवाया जाएगा।