UP Board 12th Topper: मां गृहिणी, पिता किसान… बेटे ने प्रदेश में पाया पांचवां स्थान; यह है सफलता का मंत्र

टॉपर अनिकेत पांडेय
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहजहांपुर के संजय कुमार सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र अनिकेत पांडेय ने इंटरमीडिएट की परीक्षा में 96.6 प्रतिशत अंक पाकर प्रदेश में पांचवां स्थान पाया है। अनिकेत की इस उपलब्धि पर परिवार के साथ ही पूरे जिले को गर्व है। अनिकेत का सपना जूलॉजी का प्रोफेसर बनने की है।
कांट के गांव नौगवां गुलौली निवासी किसान रत्नेश पांडेय ने 2010 में अपने तीन बच्चों की अच्छी शिक्षा दिलाने के लिए गांव छोड़कर शाहजहांपुर के मोहल्ला मिश्रीपुर में घर बनावा लिया था। उनकी पत्नी ऊषा पांडेय गृहिणी हैं। बड़ा बेटा मधुवन पांडेय सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। वह लखनऊ की एक नेटवर्क कंपनी में कार्यरत है। दूसरे नंबर का पुत्र मधुवन दिल्ली यूनिवर्सिटी से बीए कर रहा है।
सबसे छोटे अनिकेत पांडेय ने इस वर्ष यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा दी थी। शिक्षकों के मार्गदर्शन में पढ़ाई करने के बाद अनिकेत को बेहतर परिणाम आने का बेसब्री से इंतजार था। मंगलवार को रिजल्ट आया तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उसने 96.6 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश की टॉप-टेन की सूची में पांचवां स्थान पाया है। उसकी इस कामयाबी से शिक्षक भी बहुत खुश हैं। वहीं घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा है।