Pilibhit News: दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर रिश्ता तोड़ा
जान से मारने की धमकी देने का आरोप, रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। दहेज में कार, सोने के जेवरात की मांग पूरी नहीं होने पर तय रिश्ता तोड़ दिया गया। इससे निकाह की तैयारी धरी की धरी रह गईं। पंचायत में भी आरोपी नहीं माने। गाली-गलौज कर मारपीट पर आमादा हो गए और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। पुलिस ने गांव जादौपुर गहलुइया निवासी शरीफ खां की ओर से गांव के ही मोहम्मद नबी, उसके पिता निजामतुल्ला शेख, मां नसीम बेगम, भाई नूरे नबी, बहन अनम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शरीफ खां ने बताया कि उसने पुत्री मुनीम जहां की शादी दो साल पहले गांव जादौपुर गहलुइया निवासी मोहम्मद नबी से तय की थी। मोहम्मद नबी के परिजन ने देख, सुन और पसंद कर रिश्ता तय किया था। निकाह से पहले विभिन्न रस्मों में उनका तीन लाख रुपये से अधिक का खर्च हुआ। निकाह जून 2023 में तय हुआ। इस दौरान मोहम्मद नबी के परिवार वाले भी घर आते रहे। मोहम्मद नबी से भी मोबाइल पर बात होती रही।
उन्होंने बताया कि निकाह की तारीख तय करने की बात हुई तो मोहम्मद नबी के परिजन दहेज में कार, सोने के जेवर, मनपसंद का फर्नीचर देने की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर निकाह करने से इन्कार कर दिया और किसी से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
उन्होंने बताया कि तब उसने पंचों को ले जाकर निकाह की तारीख तय करने को कहा। तब आरोपियों ने गाली-गलौज की और मारपीट पर आमादा हो गए। जान से मारने की धमकी देकर बेइज्जत कर घर से भगा दिया। कोतवाल आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि शरीफ खां की ओर से दी गई तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
दहेज की मांग पूरी न होने पर दो विवाहिताओं की पीट कर घर से निकाला
पूरनपुर। दहेज की मांग पूरी न होने पर घुंघचाई थाना क्षेत्र की दो विवाहिताओं को मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। पीड़िताओं ने पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।
बंडा थाना क्षेत्र के गांव कंधरपुर अलादापुर निवासी पूजा देवी ने बताया कि सात जून 2018 को उसकी शादी घुंघचाई थाना क्षेत्र के गांव दिलावरपुर निवासी प्रमोद के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद उसका पति, ससुर, जेठ, देवर, ननद दहेज में बाइक और अन्य सामान की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसकी पिटाई कर शारीरिक, मानसिक उत्पीड़न शुरू कर दिया गया। चार साल पहले मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया। बगैर मांग पूरी हुए ससुराल आने पर जान से मारने की धमकी दी। तमाम कोशिश के बाद आरोपी नहीं माने। पीड़िता ने अब घुंघचाई पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।
इसके अलावा गांव लुकटिहाई टांडा निवासी नीतू रानी ने बताया कि उसकी शादी 11 साल पहले सत्यपाल से हुई थी। कुछ समय बाद ससुराली दहेज में एक लाख रुपये की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया गया। 16 जून को मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया।
00
दहेज उत्पीड़न और छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज
बिलसंडा। थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसने अपनी बेटी की शादी 2019 में जिला बुलंदशहर के थाना गुलावठी के गांव चिड़ावक में की थी। शादी में अपने सामर्थ्य के अनुसार दान दहेज भी दिया। बेटी के साथ उसका देवर आए दिन छेड़छाड़ करने लगा। आरोप है कि ससुराल वाले भी आए दिन बेटी से मारपीट करने लगे और पांच लाख रुपये घर से लाने की मांग करने लगे। जब रुपये देने से मना कर दिया तो उसे प्रताड़ित करने लगे। इंस्पेक्टर सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि आरोपी ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। संवाद।