Pilibhit News: कॉलेज जा रही छात्रा से छेड़खानी, भाई-भतीजे को पीटा
पूरनपुर। भाई और भतीजे के साथ बाइक से नगर के कॉलेज में प्रवेश लेने जा रही छात्रा के साथ बाइक सवार तीन शोहदों ने छेड़खानी की। विरोध करने पर आरोपियों ने अपने साथियों को बुलाकर छात्रा के भाई और भतीजे की जमकर पीटा। छात्रा ने मामले की तहरीर पूरनपुर थाने में दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
पीड़ित छात्रा के मुताबिक सोमवार दोपहर वह तहेरे भाई और बहन के बेटे के साथ बाइक से नगर के एक कॉलेज में प्रवेश लेने जा रही थी। गांव शेरपुर के पास बाइक सवार तीन शोहदे उसके पीछे लग गए। रास्ते में कई बार उन्होंने बाइक पास में लाकर छेड़खानी की। भाई और भतीजे ने विरोध किया, लेकिन आरोपी नहीं माने।
शेरपुर रोड पर कुंडा के पास आरोपियों ने बाइक आगे लगाकर उन्हें रोक लिया। उसे बाइक से उतारकर छेड़खानी करने लगे। भाई और भतीजे ने विरोध किया तो फोन करके अपने साथियों को बुला लिया। इसके बाद भाई और भतीजे को जमकर पीटा। जब वह थाने जाने लगी तो आरोपियों ने कुछ दूरी तक उसका पीछा किया। इंस्पेक्टर आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है।