Pilibhit News: कांवड़ियों की राह रोकेंगी भैंसें, टूटी सड़कें भी मुसीबत

गौरी शंकर मंदिर जाने वाले मार्ग से गुजरते जानवर। संवाद
पीलीभीत। सावन शुरू होने में अब कुछ ही दिन हैं। सावन का पहला सोमवार 10 जुलाई को है। इसके बाद कांवड़ियों का शिवालयों में आने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। शहर में गौरीशंकर मंदिर में हजारों कावडियों को तांता लगता है। जिन मार्गों से होकर कांवड़िये गौरीशंकर मंदिर तक आएंगे वे बदहाल हैं। यहां से सुबह-शाम भारी संख्या में डेयरियों की भैंसे गुजरती हैं। सड़कों पर गोबर पड़ा रहता है। नाली टूटी होने से पानी सड़क पर बहता रहता है। अधिकारियों ने अभी तक इस ओर ध्यान नहीं दिया है।
शहर में कांवड़िये ईदगाह होते हुए जाटों वाला चौराहा, सर्राफा मार्केट, तहसील चौराहे से होते हुए गौरीशंकर मंदिर जाते हैं। सावन शुरू होने वाले हैं लेकिन इन रास्तों को अभी सही नहीं किया गया है। सबसे ज्यादा दिक्कत गौरीशंकर मंदिर को जाने वाले सीधे रास्ते की है। यहां सड़क से जानवर गुजरते हैं। इनका गोबर भी सड़कों पर फैला रहता है। इसके अलावा तहसील चौराहे से मंदिर को जाने वाला रास्ता भी काफी ऊबड़ खाबड़ है। यहां नाली भी टूटी पड़ी है। बरसात होने पर नाली का गंदा पानी सड़कों पर आ जाता है। मंदिर वाले रास्ते में एक खाली प्लॉट में कूड़ा भरा पड़ा है। जिससे वहां दुर्गंध फैल रही है।
रोडवेज के सामने होगी काफी दिक्कत
रोडवेज बस स्टैंड के पास अमरिया बस स्टैंड की बसें भी खड़ी रहती है। इससे वहां पर अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। स्टैंड के सामने स्थित मंदिर के ठीक सामने काफी गड्ढे भी हैं। जहां पर कंकड़ पत्थर इन गड्ढों में पड़े हैं। नंगे पांव आने वाले कांवड़ियों को इससे काफी दिक्कत होगी।
वर्जन:
कांवड यात्रा को लेकर रूट मैप तैयार करवाया जा रहा है। नगर पालिका कर्मियों को संबंधित स्थानों पर साफ सफाई के निर्देश दिए गए है। गौरी शंकर मंदिर को जाने वाले मार्ग का निरीक्षण किया जाएगा एवं जानवरों की आवाजाही को लेकर डेयरी संचालकोंं को नोटिस जारी किया जाएगा। – देवेंद्र सिंह एसडीएम सदर ।

गौरी शंकर मंदिर जाने वाले मार्ग से गुजरते जानवर। संवाद

गौरी शंकर मंदिर जाने वाले मार्ग से गुजरते जानवर। संवाद



