Pilibhit News: प्रताड़ित किए जाने से सांड़ की मौत, वीडियो हुआ वायरल
डीएम ने लिया संज्ञान, अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलसंडा। थाना क्षेत्र के एक गांव में सांड़ को बांधकर प्रताड़ित किया गया। जिससे उसकी मौत हो गई। प्रताड़ित करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर डीएम ने संज्ञान लेकर टीम गांव भेजी। टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया। मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
वायरल वीडियो में गांव भदेंगकंजा के मजरा लधपुरा में एक सांड़ को पेड़ से बांधकर प्रताड़ित किया जा रहा है। वीडियो डीएम को भी ट्वीट किया गया। डीएम ने संज्ञान लेते हुए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई । ग्राम पंचायत अधिकारी के साथ पशु चिकित्सा अधिकारी भी पहुंचे। सांड़ का पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। उसके बाद उसे दफना दिया गया।
ग्राम सचिव पंकज शर्मा की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ पशु क्रूरता का मुकदमा दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर वीरेश सिंह ने बताया कि सचिव की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
गांव पहुंचकर सांड का पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है। सांड़ की मौत 12 से 24 घंटे पूर्व होना प्रतीत हो रही है । पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगा।
– डॉ. जगदेव सिंह, पशु चिकित्सा अधिकारी