Pilibhit News: नहर के पानी ने रोक दिया पुल का निर्माण
– दोनों तरफ एप्रोच रोड पर मिट्टी पड़ी होने से ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी
– 27.41 करोड़ रूपये की लागत से बनना है 74.8 मीटर लंबा पुल
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। पीलीभीत-पूरनपुर के बीच हरदोई ब्रांच नहर के पुल निर्माण में नहर का पानी बाधा बन गया है। नहर में पानी चलने के कारण फिलहाल काम को बंद कर दिया गया है। वहां के श्रमिकों को भी हटा दिया गया है।
असम हाईवे पर जर्जर हो चुके हरदोई ब्रांच की नहर पर 27.41 करोड़ की लागत से 74.8 मीटर लंबा पुल बनने का काम करीब पांच माह पहले शुरू किया गया था। पुल के दोनों साइड में 300-300 मीटर की एप्रोच रोड भी बनाई जानी थी। इसके लिए मिट्टी को भी डाल दिया गया। इधर अचानक करीब एक माह से यहां पर काम को रोक दिया गया है। काम बंद होने से सड़क पर डाली गई मिट्टी लोगों के लिए समस्या बन गई है। यहां पुल के दोनों ओर एप्रोच रोड पर मिट्टी पड़ी है। करीब 15 से ज्यादा गांवों के लोगों को इसी मार्ग से होकर जाना पड़ता है। मिट्टी पड़ी होने के कारण उन्हें समस्या हो रही है। पुल निर्माण में लगाए गए श्रमिकों को भी हटा दिया गया। मजदूरों को अब असम चौराहे पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर के कार्य में लगाया गया है। एक साल में दोनों प्रोजेक्ट पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है। यहां बता दें कि पांच माह में करीब तीन बार निर्माण का काम रुक चुका है।
00
पुल के लिए मुख्य काम नहर के बीच में ही है। पानी चलने के कारण मशीनें वहां पर नहीं जा पा रही हैं। सिंचाई विभाग से पानी रोकने के लिए कहा गया था, लेकिन गांवों की सिंचाई प्रभावित होने के कारण पानी को नहीं रोका जा पा रहा है। अब पानी रुकने के बाद ही काम शुरू हो पाएगा।
– शशांक भार्गव, अधिशासी अभियंता, एनएच बरेली