Pilibhit News: खेत पर काम कर रहे मजदूर पर तेंदुए का हमला, घायल
अब तक पांच लोगों को हमला कर घायल कर चुका है तेंदुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। खेत पर काम कर रहे गांव मनहरिया टांडा निवासी बबलू (34) को तेंदुए ने हमला कर घायल कर दिया। घायल को सीएचसी लाया गया। तेंदुए की निगरानी में वन विभाग ने टीम लगा दी है।
घटना शनिवार को गांव मनहरिया टांडा से पश्चिम करीब एक किलोमीटर दूर की है। बबलू ने बताया कि गांव के अन्य मजदूरों के साथ गांव के ही ओमकार के गन्ने के खेत की गुड़ाई करने गया था। साथी मजदूर कुछ पीछे जबकि खेत में वह आगे गुड़ाई कर रहा था। इस दौरान समीप के गन्ने के खेत से निकले तेंदुए ने उसे पर हमला कर घायल कर दिया।
शोर-शराबे पर अन्य मजदूर जब तक भाग कर आए। तेंदुआ गन्ने के खेत में फिर घुस गया। हरीपुर रेंजर वीरेंद्र रावत ने बताया कि तेंदुए की निगरानी को टीम लगी हुई है, लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मालूम हो कि गांव धर्मापुर के आसपास पिछले कई दिनों से डेरा जमाए तेंदुए ने 17 मई को गांव बंजरिया निवासी शैलेष पर, 15 मई को गांव मुजफ्फरनगर निवासी तेजपाल (54) को, दो मई को गांव लालपुर अमृत निवासी करन को और 19 मई को गांव सपहा निवासी सेवाराम उर्फ विपिन को हमला कर घायल कर दिया था। तेंदुए को पकडने को गांव धर्मापुर के समीप कुंडा की झाडिय़ों में पिंजरा लगाया गया, लेकिन अब तक पिंजरे के करीब तेंदुए के पहुंचने के प्रमाण वन विभाग की टीम को नहीं मिले हैं।