Pilibhit News: सीएचसी नए भवन में शिफ्ट, मरीजों को मिली राहत
बीसलपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर दियोरिया का सरकारी अस्पताल सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नवनिर्मित भवन में शिफ्ट हो गया। इससे मरीजों को काफी राहत मिली है।
कस्बा दियोरिया का सरकारी अस्पताल अब तक एक पुराने जर्जर भवन में चल रहा था। पुराने भवन में जगह कम थी, जिससे मरीजों को बैठने में दिक्कत हो रही थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छह अक्तूबर को ऑनलाइन इस नवनिर्मित भवन का लोकार्पण भी कर दिया था।
विभागीय हीलाहवाली के चलते अब तक यह अस्पताल नए भवन में शिफ्ट नहीं हो पाया था, जिससे अस्पताल की व्यवस्थाएं लगातार प्रभावित हो रहीं थीं ।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक शर्मा ने 29 अक्तूबर को इस अस्पताल का निरीक्षण किया और स्टाफ वालों को 30 अक्तूबर को हर हालत में अस्पताल को नए भवन में शिफ्ट करने के निर्देश दिए थे। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुपम जायसवाल ने बताया कि अस्पताल नए भवन में शिफ्ट कर दिया गया है। संवाद