Pilibhit News: चाइल्ड लाइन की टीम ने रुकवाया बाल विवाह
आ चुकी थी बरात, तभी पहुंच गई टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
न्यूरिया। माधोटांडा के लक्ष्मीपुर गांव में एक सूचना पर पहुंची चाइल्ड लाइन की टीम ने बाल विवाह रुकवा दिया।
चाइल्ड लाइन के जिला समन्वयक निर्वान सिंह ने बताया कि शुक्रवार को किसी व्यक्ति ने 1098 पर सूचना दी कि माधोटांडा क्षेत्र के गांव लक्ष्मीपुर में एक व्यक्ति अपने लगभग 17 वर्षीय पुत्र का विवाह न्यूरिया क्षेत्र के जंगरौली आशा गांव की 15 वर्षीय किशोरी से कराने जा रहा है। सूचना मिलते ही चाइल्डलाइन की टीम के काउंसलर सुधीर कुमार, टीम सदस्य मनिस्ता गुल अंसारी, त्रिभुवन सिंह सोलंकी और थाना न्यूरिया पुलिस सब इंस्पेक्टर गौतम सिंह मौके पर जा पहुंचे।
टीम के पहुंचने से पूर्व ही बरात आ चुकी थी। विवाह किए जाने की तैयारियां जोरशोर से चल रही थी। टीम ने किशोरी के परिजनों से आयु के संबंध में दस्तावेज मांगे। कोई भी दस्तावेज परिजन नहीं दिखा सके। किशोर की आयु के संबंध में कक्षा 10 का अंक पत्र दिखाया गया। जिसमे अंकित जन्मतिथि के अनुसार उम्र करीब 17 वर्ष निकली। टीम ने दोनों पक्षों से घोषणा पत्र भरवाते हुए बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 का हवाला देकर विवाह रुकवा दिया।
जिला बाल संरक्षण इकाई के काउंसलर ने किशोर-किशोरी और उनके परिजनों को बाल कल्याण समिति के सामने मंगलवार को पेश होने को कहा है। टीम को दोनों पक्ष के परिजनों ने बताया कि उनको बाल विवाह के कानून की जानकारी नहीं थी।



