Pilibhit News: चरमराई शहर की बिजली आपूर्ति

बरेली गेट पर बिजली फाल्ट सही करता कर्मचारी। संवाद
दिन भर परेशान रहे शहरी उपभोक्ता
पीलीभीत। शहर के बरेली गेट स्थित ट्रांसफार्मर पर फेस न आने की वजह से उपभोक्ता दिनभर परेशान रहे। वहीं जब बिजली सही हो सकी तो रोस्टरिंग के कारण हुई कटौती ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया।
गर्मी बढ़ते ही शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। कभी फाॅल्ट तो कभी लो वोल्टेज लोगों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। शुक्रवार को बरेली गेट साइड में फेस न आने की वजह से उधर के कई मोहल्लों व दुकानदारों को काफी परेशानी हुई। शिकायत होने के बाद भी घंटों बिजली व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया जा सका। बाद में दोपहर बाद जाकर कही बिजली सही हो सकी तो रोस्टरिंग के कारण बिजली कटौती ने जीना मुहाल कर दिया।
इधर पुलिस लाइन में भी बिजली का तार टूट जाने से लगभग एक घंटे तक बिजली व्यवस्था प्रभावित रही। जिसे कर्मचारियों ने जानकारी लगते ही सही कराया। इस दौरान वहां के विभागीय कामकाज भी प्रभावित रहे।
शेरपुर में ट्रांसफार्मर फुंकने से 240 घरों और प्रतिष्ठानों की ठप रही बिजली
पूरनपुर। शेरपुरकलां में 250 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंक गया। इससे 240 उपभोक्ताओं के घरों, प्रतिष्ठानों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। फुंके ट्रांसफार्मर को शाम पांच बजे तक नहीं बदला जा सका। इससे भीषण गर्मी में उपभोक्ताओं को भारी असुविधा हुई।
ट्रांसफार्मर की खराबी से बृहस्पतिवार रात से ही दो मोहल्लों की बिजली आपूर्ति लड़खड़ाई चल रही थी। शुक्रवार सुबह सात बजे ट्रांसफार्मर की खराबी से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसके बाद 11 बजे जानकारी कर्मचारियों को हुई। बावजूद इसके सुबह सात बजे ठप हुई बिजली शाम पांच बजे तक सुचारू नहीं हो सकी। एसडीओ (बिजली) प्रवीन कन्नौजिया ने बताया कि दूसरा ट्रांसफार्मर मंगवाया गया है। शुक्रवार शाम तक बिजली आपूर्ति सुचारू करा दी जाएगी। संवाद
फाॅल्ट सही करते पोल पर उतारा करंट, विद्युत कर्मचारी झुलसा
पीलीभीत। कलीनगर तहसील क्षेत्र के गांव रम्पुरा में फाॅल्ट को सही करते समय अचानक उतरे करंट से विद्युत कर्मी महेश पाल झुलस कर जमीन पर गिर गया। साथी कर्मचारी उसे माधोटांडा सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां दिनभर उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ। माधोटांडा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े रम्पुरा फकीरे गांव की लाइन में शुक्रवार सुबह फाल्ट आ गया। जानकारी के बाद उपकेंद्र के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान लाइनमैन के साथ काम करने वाला कर्मी महेश पाल फाॅल्ट सही करने के लिए पोल पर चढ़ा। पास से ही 11 हजार की हाईटेंशन लाइन भी गुजर रही थी। किसी कारणवश हाईटेंशन लाइन से पास की लाइन में करंट उतर आया। इससे पोल पर चढ़ा कर्मी झुलस गया। करंट लगने से जमीन पर गिरते ही वह बेहोश हो गया। साथी उसको लेकर सीएचसी पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने करीब चार घंटे तक उपचार किया। जिसके बाद हालत में कुछ सुधार हुआ। अवर अभियंता पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि विद्युत कर्मी के करंट लगा था। माधोटांडा अस्पताल में उसका उपचार कराया गया है। संवाद