Pilibhit News: स्टांप चोरी करने की सिटी मजिस्ट्रेट ने शुरू की जांच

माधोटांडा रोड पर कॉलोनी में लगा बोर्ड ।
पीलीभीत। दो दिन पहले माधोटांडा रोड पर अवैध कॉलोनी को लेकर हुई कार्रवाई के बाद अब इसी कॉलोनी का स्टांप चोरी का घपला पकड़ में आया है। बिक्री किए गए भूखंडों में कितने का स्टांप कम लगाया गया, इसकी जांच शुरू कर दी गई है। सिटी मजिस्ट्रेट ने एसडीएम सदर से पड़ताल कर रिपोर्ट देने को कहा है।
दो दिन पहले सिटी मजिस्ट्रेट ने माधोटांडा रोड पर एक अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई की थी। कार्रवाई के दौरान वहां स्टांप चोरी का भी खुलासा हुआ था। पता चला था कि कॉलोनी में सीधे किसान से ही भूखंड लेने वालों का बैनामा कराया जा रहा था। इसमें स्टांप की भी चोरी की जा रही थी। कॉलोनी में पांच से छह भूखंड की बिक्री भी हो चुकी है। इन भूखंडों में कितने के स्टांप लगे और कर चोरी कितने की हुई, इसकी जांच की जा रही है।
सिटी मजिस्ट्रेट ने एसडीएम को इसकी पड़ताल कर रिपोर्ट देने को कहा है। सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार सिंह ने बताया कि स्टांप की चोरी का मामला पकड़ में आया है। इसमें जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। अभी रजिस्ट्री कार्यालय से इस पूरे भूखंड का रिकॉर्ड निकलवाया जा रहा है।