पीलीभीत

Pilibhit News: बीसलपुर में तेंदुए ने किया जंगली सूअर का शिकार

Connect News 24

Leopard hunted wild boar in Bisalpur

बीसलपुर के गांव सफोरा के खेतिहर क्षेत्र में तेंदुआ निकलने पर लगी भीड़ । संवाद

बीसलपुर। गांव सफौरा में तेंदुए ने बृहस्पतिवार की सुबह एक जंगली सुअर मार डाला। वन विभाग की टीम जब जांच कर रही थी तो तेंदुए की गुर्राहट सुनकर सभी लोग खेत छोड़कर भाग गए। बृहस्पतिवार को पूरे दिन डर के कारण किसान खेतों पर नहीं गए।

गांव सफौरा के ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार की शाम गांव के खेतिहर क्षेत्र में एक तेंदुआ आ गया है। बृहस्पतिवार की सुबह सफौरा के ओमेंद्र गंगवार अपने खेत में गन्ने की छिलाई करने गए थे। उन्हें खेत में एक जंगली सुअर मरा पड़ा मिला। सुअर के शरीर पर काफी घाव थे। सुअर के शव की हालत देखकर लग रहा था कि उसे किसी जंगली जानवर ने मारा है।

सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम अभी जांच पड़ताल में लगी हुई थी कि कुछ ही दूरी पर गन्ने के खेत में मौजूद तेंदुए ने जोर जोर से गुर्राना शुरू कर दिया। यह सुनकर ग्रामीण भाग गए। टीम भी कुछ फासले पर पहुंच गई। टीम के लोगों ने ग्रामीणों से खेतों पर न जाने को कहा।

सुअर के शव को मिट्टी में दफनाने को लेकर टीम के लोगों और ग्रामीणों में नोकझोंक भी हुई। ग्रामीणों का कहना था कि सुअर के शव का पोस्टमार्टम कराया जाना चाहिए। डिप्टी रेंजर अवनीश कुमार ने बताया कि गुर्राने की आवाज तेंदुए की ही थी। सफौरा के खेतिहर क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है।

खेत में चर रही बकरी को तेंदुए ने मार डाला

पूरनपुर। हजारा क्षेत्र के गांव शास्त्रीनगर में खेत में चर रही बकरी को तेंदुए ने मार डाला। घटना बुधवार को गांव शास्त्रीनगर के समीप की है। गांव निवासी बसंत लाल की बकरी गांव के समीप खेत में चर रही थी। संपूर्णानगर के रेंजर रुद्रप्रताप सिंह ने बताया कि सूचना पर कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया है। बकरी के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे दफन करवा दिया गया है। संवाद

कलीनगर पुल के निकट पहुंचा बाघ, उमड़ी भीड़

कलीनगर। कलीनगर पुल के निकट बृहस्पतिवार को बाघ की मौजूदगी के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि डगा और बाइफरकेशन पुल के निकट हरदोई ब्रांच नहर की झाड़ियों में डेरा जमाए रहा। सामाजिक वानिकी की टीम निगरानी में जुटी है। संवाद

माला रेलवे स्टेशन से आगे दिखा बाघ, काम छोड़कर भागे मजदूर

पीलीभीत। माला रेलवे स्टेशन से आगे इस समय पुल को तैयार करने का काम चल रहा है। पुल बीच जंगल है। यहां पर आए दिन वन्यजीवों की आवाजाही रहती है। बुधवार को जब लोग पुल पर काम कर रहे थे तभी अचानक वहां बाघ आ गया। शोरगुल करते हुए वहां काम कर रहे सभी लोग भाग गए। बाघ के आने की जानकारी रेलवे के अधिकारियों को देते हुए सुरक्षा की मांग की गई है। संवाद


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button