Pilibhit News: सहकारी समितियां खाद ही नहीं अब डीजल-पेट्रोल भी बेचेंगी
पीलीभीत। सहकारी समितियों को और अधिक जन उपयोगी बनाने के लिए सरकार अब खाद और कीटनाशक के साथ डीजल-पेट्रोल की भी बिक्री कराएगी। इसके तहत शासन ने सभी जिलों से प्रस्ताव मांगे हैं। पीलीभीत से दो समितियों, क्रय विक्रय समिति बीसलपुर और केंद्रीय उपभोक्ता संघ पीलीभीत से प्रस्ताव भेजा गया है।
प्रदेश सरकार सहकारी समितियों को हाईटेक करने के साथ ही उन्हें जन उपयोगी बनाने की कवायद में जुटी हुई है। ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि ग्रामीणों खासतौर से समितियों के सदस्य किसानों को एक ही छत के नीचे सब कुछ मिल सके। खाद, कीटनाशक दवा और कृषि उपकरणों की सुविधा पहले से ही मिल रही है। अब समितियों पर पेट्रोल और डीजल मुहैया कराने की भी तैयारी कर ली गई है।
शासन ने इसके लिए जिले से पहले चरण में दो समितियों से प्रस्ताव मांगा है। इसके तहत यहां से क्रय विक्रय समिति बीसलपुर और नौगवां पकड़िया स्थिति केंद्रीय उपभोक्ता भंडारण का नाम ृभेजा गया है। कहा गया है कि दोनों ही समितियों से किसानोें को खासा लाभ मिल सकेगा। अब शासन स्तर से इसमें अनुमोदन होना शेष है। संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही इसमें निर्णय हो जाएगा।
00
जनसेवा केंद्र की मिलने लगी है सेवा
सहकारी समितियों पर ही जिले में जनसेवा केंद्रों का संचालन शुरू कर दिया गया है। यहां पर किसानों को जन्म प्रमाणपत्र, खतौनी, आनलाइन आवेदन, धान गेहूं पंजीकरण सहित कई कार्य किए जा रहे है। इसका लोगों को लाभ मिल रहा है। अब समिति के पेट्रोल पंप खुल जाने से किसानों और अधिक सुविधा मिल सकेगी।
00
सहकारी समिति के पेट्रोल पंप खोले जाने के लिए शासन ने प्रस्ताव मांगा था। क्रय विक्रय समिति बीसलपुर और नौगवां पकडिया स्थिति केंद्रीय उपभोक्ता भंडारण निगम दो का प्रस्ताव भेजा गया है। यहां पर पेट्रोल पंप लगाए जाएंगे। संभावना है कि जल्द ही शासन से मंजूरी मिल जाएगी।
– प्रदीप सिंह, एआर सहकारिता