Pilibhit News: सीएचसी-पीएचसी और मेडिकल कॉलेज में कोरोना की जांचें शुरू

मेडिकल कॉलेज में पर्चा बनाने वाले कांउटर पर पर्चा बनवाने के लिए लगी लोगो की लाइन । संवाद
पीलीभीत। कोरोना को लेकर शासन से एडवाइजरी जारी होते ही जिला मुख्यालय पर इसका पालन शुरु कराया जाने लगा है। जिला अस्पताल से लेकर सीएचसी और पीएचसी पर कोरोना की जांचें शुरु हो गईं हैं। हल्के से भी लक्षण दिखाई देने पर डॉक्टर उनकी जांच करा रहे हैं।
देश में कोरोना के बढ़ते मरीजों की संख्या को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड में दिखाई दे रहा है। वर्ष 2023 में अब तक कुल 14027 लोगों की जांच की जा चुकी है। इसमें कुल 262 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई। छह जून को ब्लॉक मरौरी की महिला ने कोरोना की जांच कराई थी। आठ जून को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसका उपचार किया गया था। आठ जून से लेकर 22 दिसंबर तक किसी की कोरोना की जांच नहीं की गई।
शासन से आदेश आने के बाद विभाग अब सक्रिय हो गया है। जिले की सभी सीएचसी व पीएचसी समेत जिला मुख्यालय पर भी इसकी जांचें शुरु कर दी गई है। मरीज के हिसाब से बताई जाने वाली दिक्कतों के हिसाब से उसका चेकअप कराया जाएगा। इसके लिए सैंपलिंग भी शुरु कर दी गई है। सीएमओ आलोक कुमार ने बताया कि डॉक्टर लक्षण दिखने पर मरीज का चेकअप कराएंगे। इसके अलावा दिक्कत लगने पर मरीज स्वयं का टेस्ट करा सकता है।
नए वेरिएंट को लेकर सतर्कता बरतने के लिए डीएम को लिखा पत्र
पीलीभीत। कोरोना के नए वेरिएंट के सक्रिय होने पर गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर सतर्कता बरतने एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं व्यवस्थित करने को कहा है।
पत्र में राज्यमंत्री ने कोरोना के नए वेरिएंट की सक्रियता के चलते जनपद में नागरिकों की सुरक्षा के लिए सभी चिकित्सीय एवं अन्य आवश्यक उपाय किए जाने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश देने को कहा है। साथ ही शहर में प्राथमिकता के आधार पर सफाई आदि कराने की आवश्यकता बताई है। इसके साथ ही राज्यमंत्री ने सार्वजनिक स्थानों एवं चौराहों पर अलाव व रैन बसेरों की व्यवस्था करने को कहा है। संवाद