Pilibhit News: दर्जा नगर पंचायत का, तस्वीर आज भी ग्राम पंचायत जैसी

इस्लाम न्रगर में बनी कच्ची नाली । संवाद
पीलीभीत। नौगवां पकड़िया को नगर पंचायत का दर्जा मिलने के साथ ही इस बार चेयरमैन भी मिल गया। बावजूद इसके वहां तस्वीर आज भी ग्राम पंचायत जैसी है। चौराहों पर लाइटिंग तो हुई, लेकिन अंदर आबादी कूड़े के बीच में रह रही है। संसाधन होने के बाद भी वार्डों में सफाई नहीं हो पा रही। कच्ची नालियों में भरी गंदगी बीमारियों को बढ़ावा दे रही है। कूड़ा डालने के लिए कूड़ादान तो लगाए गए, लेकिन उनकी सफाई करने पर ध्यान नहीं।
शहर से सटी ग्राम पंचायत को नगर पंचायत का दर्जा दो साल पहले दिया गया था। इसके बाद भी यहां प्रधान थे। इस बार यहां नगर पंचायत का चुनाव हुआ। लोगों को उम्मीद थी कि अब यहां पर भी शहर जैसी ही सुविधाएं होंगी, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हो पाया। लोग सफाई, गंदगी और अन्य अव्यवस्थाओं से मुक्ति नहीं पा सके हैं।
यह हाल तब है जब नगर पंचायत को आदर्श नगर पंचायत का दर्जा भी दे दिया गया है। नगर पंचायत में हाईवे से जुडी आबादी में तो कुछ हद तक स्थिति सही है। हाईवे के पार इस्लामनगर आदि जगहों पर आज भी हालात पहले जैसे हैं। यहां पर आज भी कच्ची नाली है, लोगों के घरों के सामने कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। मुख्य सड़क भी कच्ची बनी हुई है। सफाई कर्मी दिखते ही नहीं। कच्ची नालियों में बजबजाती गंदगी लोगों को बीमारी की ओर ले जा रही है। शिकायत के बाद भी कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
गांव जैसे हैं हालात, जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान
यहां आज भी गांव जैसा ही हाल है। यहां पर कच्ची नालियों की सूरत नहीं बदल सकी है। पर्व और त्योहारों पर भी सफाई कर्मी नहीं आते। खुद ही नाली साफ करनी होती है और झाडू भी लगाना होता है।- अय्यूब खां, क्षेत्रवासी
दुकान के सामने सड़क की सफाई माह में एक-दो बार ही होती है। इसके अलावा कोई नहीं आता है। पक्का नाला नहीं बना है। ऐसे में कच्चा नाला नहर का रूप ले चुका है। मुख्य मार्ग होने के बाद भी जिम्मेदार उदासीन बने हुए हैं।- इरफान, क्षेत्रवासी
नगर पंचायत में सफाई के लिए कर्मचारी लगे हुए हैं। वह खुद निरीक्षण करते हैं। नाले का निर्माण कराया जा रहा है। सभी वार्डों में नियमित सफाई कराई जा रही है। सफाई कर्मी नहीं जा रहा तो जांच कराई जाएगी।- विजय कुमार, प्रभारी ईओ, नगर पंचायत नौगवां पकड़िया खास बात
-14 वार्ड हैं नगर पंचायत में
– 40 सफाई कर्मी मौजूद हैं
– 02 ट्रैक्टर ट्रॉली और 20 ठेली हैं

इस्लाम न्रगर में बनी कच्ची नाली । संवाद

इस्लाम न्रगर में बनी कच्ची नाली । संवाद

इस्लाम न्रगर में बनी कच्ची नाली । संवाद

इस्लाम न्रगर में बनी कच्ची नाली । संवाद