Pilibhit News: कोटेदार के चयन में धांधली का आरोप, पांच घंटे किया प्रदर्शन

पूरनपुर ब्लॉक कार्यालय परिसर में धरना देकर प्रदर्शन करते लोग । संवाद
पूरनपुर। गांव जेठापुर खुर्द में 23 दिसंबर को खुली बैठक में हुए राशन कोटेदार के चयन में धांधली का आरोप लगाते हुए गांव के लोगों ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) कार्यालय के बाहर पांच घंटे तक प्रदर्शन किया। भाकियू नेताओं ने बीडीओ अरुण सिंह को ज्ञापन देकर राशन कोटेदार का चयन निरस्त कर दोबारा प्रस्ताव कराने की मांग की। बीडीओ ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब प्रदर्शनकारी शांत हुए।
भाकियू के मंडल उपाध्यक्ष लालू मिश्रा, तहसील अध्यक्ष सत्यपाल वर्मा के नेतृत्व में बीडीओ कार्यालय गेट पर पहुंचे। गांव जेठापुर के लोगों ने राशन कोटेदार के चयन में धांधली का आरोप लगाते हुए कहा कि 23 दिसंबर को हुई खुली बैठक मेंं कई नाबालिग, दूसरे गांव की महिलाओं आदि को शामिल कर मनमाने ढंग से प्रस्ताव पास करा लिया गया, जो कि गलत है।
बाद में बीडीओ को ज्ञापन देकर राशन कोटेदार का चयन निरस्त करने, कोटेदार के चयन के लिए दोबारा बैठक बुलाने की मांग की गई। खंड विकास अधिकारी ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। धरनास्थल पर भाकियू के जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा, धर्मेंद्र गुप्ता, लालू मिश्रा, सत्यपाल वर्मा आदि ने विचार रखे।