Pilibhit News: सभासद कराएं अपने वार्डों में अधिक से अधिक विकास

बीसलपुर के कार्यक्रम में शपथ ग्रहण करते सभासद । स्रोत – आयोजन समिति
बीसलपुर। नगर निगम बरेली के मेयर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि सभी सभासद अपने-अपने वार्डों में अधिक से अधिक विकास कराएं। जरूरत पड़ने पर उनका पूरा सहयोग किया जाएगा। बाला देवी रोशन लाल डिग्री कॉलेज में डॉ. उमेश गौतम बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित थे।
पीलीभीत और शाहजहांपुर जिलों की नगर पालिका और नगर पंचायत के सभासदों के एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में डॉ. गौतम ने कहा कि सभासद जब अपने वार्डों में अच्छा काम करेंगे तभी वे दोबारा निर्वाचित हो पाएंगे। प्रदेश के गन्ना राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने कहा कि सभासदों को विकास कराने में यदि किसी प्रकार की कोई दिक्कत हो तो वह उन्हें बताएं। उनका पूरा सहयोग किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर सभासदों की दिक्कतों को शासन तक भी पहुंचाया जाएगा।
भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष राकेश मिश्रा ने कहा कि सभासद अपने वार्डों की जनता से अच्छा व्यवहार करें। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष संजय प्रताप सिंह और संचालन जिला उपाध्यक्ष कमलेश गंगवार ने किया। इस मौके पर भाजपा के काफी पदाधिकारी भी मौजूद थे। शिविर में लगभग 50 सभासद मौजूद थे।