Pilibhit News: रिश्ते की दादी ने किया था नवजात चोरी, पुलिस ने किया बरामद

बीसलपुर पुलिस द्वारा बरामद की गई नवजात बालिका साथ में उसके मां-बाप । संवाद
बीसलपुर। गांव गोवल पतिपुरा से चोरी हुई नवजात को कोतवाली क्षेत्र के गांव पटनिया में एक घर से बरामद कर लिया गया है। नवजात को उसकी रिश्ते की दादी (पिता की सगी बुआ) ने चोरी किया था। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।
गांव गोवलपतीपुरा निवासी अजय ने बृहस्पतिवार को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी तीन दिन की पुत्री को रात को सोते समय कोई उठाकर ले गया था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। शुक्रवार शाम को पुलिस ने नवजात को बरामद कर लिया।
इंस्पेक्टर अशोक पाल ने बताया कि गोवलपतीपुरा में ही रहने वाली अजय की बुआ नन्ही देवी ने 22 दिसंबर की रात में नवजात चोरी किया था। नवजात को रात में ही क्षेत्र के गांव पटनिया में एक घर में पहुंचा दिया गया था। इसके बाद नन्ही देवी अपने गांव लौट आई थी। इससे किसी को उस पर शक नहीं हुआ। इसके बाद अजय के घर में आकर शोक जताने लगी।
पुलिस ने मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर शुक्रवार की शाम को नन्ही देवी को हिरासत में ले लिया और सख्ती से पूछताछ की। तब नन्ही देवी ने सच्चाई उगल दी। पुलिस ने नन्ही देवी की निशान देही पर गांव पटनिया जाकर संबंधित घर से नवजात को बरामद कर लिया। जिस घर से बालिका बरामद हुई है उस घर के दो सदस्यों को भी पुलिस पूछताछ के लिए कोतवाली ले आई है। महिला ने पुलिस को बताया कि घर की एक तरफ की दीवार काफी छोटी है। रात में वहीं से अंदर घुसकर नवजात को चुरा ले गई। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नन्ही देवी ने कहीं नवजात का सौदा तो नहीं कर लिया था। पुलिस ने नवजात को अजय की सुपुर्दगी में दे दिया है। पुलिस का कहना है कि पहले से ही दर्ज रिपोर्ट में आरोपी को नामजद किया जाएगा।



