Pilibhit News: टीबी मुक्त भारत के लिए जागरूक किया

शहर के अंबतीबाई बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित जागरूकता कैंप में जानकारी देते अधिकारी । संवाद
अवंतीबाई कॉलेज में कार्यक्रम का आयोजन, छात्राओं को शपथ भी दिलाई गई
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत बुधवार को जिला क्षय रोग अधिकारी ने अपनी टीम के साथ अवंतीबाई कॉलेज में जागरूकता शिविर लगवाया। इस दौरान छात्राओं को अभियान से जुड़कर लोगों को जागरूक करने की बात कही। छात्राओं को शपथ भी दिलाई गई।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉक्टर हरिदत्त नेमी ने बताया कि अगर कोई व्यक्ति धूम्रपान कर रहा है, तो उसको मना करें या फिर वहां से खुद हट जाएं। क्योंकि जितना नुकसान वह धुआं उस व्यक्ति को करेगा उससे ज्यादा नुकसान पास वाले व्यक्ति को करेगा। फेफड़े संक्रमित हो जाएंगे और टीबी होने का खतरा बढ़ जाएगा।
उप जिला क्षय रोग अधिकारी डॉक्टर पारूल मित्तल ने बताया किसी को दो सप्ताह से अधिक खांसी, लगातार बुखार या वजन कम हो रहा हो तो वह तुरंत अपने नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र पर टीबी की मुफ्त जांच करवाए। किसी में ऐसे लक्षण दिखाई दें तो उसको नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच करने के लिए प्रेरित करें।
जिला क्षय रोग केंद्र के सीनियर सुपरवाइजर राजेश कुमार गंगवार ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 2025 में भारत को टीबी से मुक्त करने का प्रण लिया है, ऐसे में सब लोगों को जागरूक किया जा रहा है। अंत में प्रधानाचार्य ने जिला क्षय रोग केंद्र की टीम का आभार व्यक्त किया। इस दौरान जिला छह रोग केंद्र के एकाउंटेंट अनुराग, डाटा ऑपरेटर अतुल और पीएमटी कोऑर्डिनेटर गोविंद राम एवं विष्णु दत्त पांडे मौजूद रहे।



