Pilibhit News: गोआश्रय स्थल में नर्तकियों ने किया डांस, प्रधान के बेटे पर रिपोर्ट दर्ज
प्रधान के बेटे का शुक्रवार को हुआ था तिलक समारोह
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलसंडा (पीलीभीत)। थाना क्षेत्र के गांव पड़री मरौरी में नवनिर्मित गोआश्रय स्थल में प्रधान के बेटे के तिलक समारोह में नर्तकियों ने जमकर डांस किया। वीडियो वायरल होने पर अब पुलिस ने प्रधान के बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पशुओं को संरक्षित करने के लिए गांव पड़री मरौरी में गोआश्रय स्थल का निर्माण कराया गया था। जिसमें कुछ पशुओं को बांधकर विधायक विवेक वर्मा ने इसका पिछले दिनों उद्घाटन किया। इसके बाद इसी गोआश्रय स्थल में शुक्रवार को प्रधान मुन्नी देवी के बेटे का तिलक समारोह आयोजित किया गया। जिसमें जिला शाहजहांपुर से नर्तकियों को बुलाया गया, जिन्होंने यहां जमकर डांस किया।
यहां मौजूद किसी युवक ने डांस का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो की जानकारी पुलिस को हुई तो मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से जानकारी ली गई। इसके बाद दरोगा प्रेमपाल की तहरीर पर प्रधान के बड़े बेटे संतोष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई ।
पूर्व प्रधान ने लगाया हाथापाई का आरोप
गांव के ही पूर्व प्रधान शंकर शरण ने बताया कि शुक्रवार की देर रात प्रधान के बेटे के साथ अन्य लोग उनके खेत पर आ धमके। जहां वह पशुओं की रखवाली कर रहे थे। प्रधान पक्ष के लोगों ने कहा कि तुमने वीडियो वायरल कर दी है। उनके साथ हाथापाई की गई। ट्यूबवेल का दरवाजा भी तोड़ दिया गया। पूर्व प्रधान का कहना है कि वह बमुश्किल जान बचाकर वहां से भागे। इस मामले की तहरीर पुलिस को दी गई । एसओ अचल कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।