Pilibhit News: फंदे से लटका मिला आठ माह की गर्भवती का शव
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Tue, 22 Aug 2023 01:35 AM IST
गजरौला। गजरौला कलां क्षेत्र के गांव भूड़ा सेमनगर उर्फ पंडरी में आठ माह की गर्भवती का शव फंदे पर लटका मिला। मायके पक्ष के लोगों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए गजरौला थाने में तहरीर दी है।
गांव भूड़ा सेमनगर उर्फ पंडरी के जगदीश ने बताया है कि तीन वर्ष पूर्व उसकी शादी गांव के वीरवती के साथ हुई थी। शादी वीरवती के परिजन की बिना सहमति के हुई थी। उसकी पत्नी अभी आठ माह गर्भ से थी। सोमवार दोपहर साढ़े तीन बजे वीरवती ने अज्ञात कारणों के चलते घर के कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर कुंडे से लटककर जान दे दी। पति ही उसे फंदे से उतारकर जिला अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर वीरवती के मायके के लोग ससुराल जा पहुंचे। पिता प्रेमचंद्र ने गजरौला में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष के लोग उसकी पुत्री को दहेज को लेकर प्रताड़ित करते थे। दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर वह लोग उसकी पुत्री के साथ मारपीट करते थे। उन्होंने उसकी पुत्री को मारकर फंदे पर लटका दिया। सूचना मिलते ही थाना गजरौला पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया है।