Pilibhit News: दो दिन से लापता महिला का पेड़ से लटका मिला शव
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Sun, 25 Jun 2023 12:15 AM IST
पीलीभीत। दवा लेने की बात कहकर दो दिन पूर्व घर से निकली महिला का शव क्षेत्र के गांव मठैया लालपुर में आम के पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेवा है। परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं दी गई है।
माधोटांडा क्षेत्र के गांव भगवंतापुर फैजुल्लागंज निवासी जेल बहादुर की पत्नी मुन्नी देवी (43) दो दिन पूर्व पास के ही गांव चूका से दवा लेने की बात कहकर निकली थीं, लेकिन फिर घर नहीं लौटी। परिजन की ओर से तलाश भी नहीं की गई। न ही पुलिस को कोई सूचना दी गई। शनिवार सुबह रमनगरा चौकी के गांव मठैया में एक निर्माणाधीन मकान के पास खड़े आम के पेड़ से महिला का शव लटका मिला। दुपट्टे से फंदा लगा था। नजर पड़ते ही गांव में खलबली मच गई। सूचना परिजन को दी गई।
कुछ देर बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। जानकारी के बाद एसओ अचल कुमार भी घटना स्थल पर पहुंच गए। जांच पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के परिवार में पति के अलावा एक पुत्री और दो पुत्र शामिल है। एसओ अचल कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग का सामने आया है। महिला का क्षेत्र के ही एक गांव निवासी युवक से प्रेम प्रसंग था। कई बार परिजनों ने जानकारी के बाद विरोध भी किया था। महिला पहले भी प्रेमी के घर जाकर बैठ गई थी। फिलहाल मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है।