Pilibhit News: चार दिन से लापता छात्र का शव नाले में मिला

अंकित का फाइल फोटो । स्रोत – परिजन
पीठ पर टंगा मिला स्कूल का बैग, साइकिल भी मिली
संवाद न्यूज एजेंसी
बीसलपुर। कोतवाली के गांव नवदिया सितारगंज से चार दिन पूर्व लापता हुए छात्र का शव सोमवार को नगर के डिग्री कॉलेज रोड पर नाले में पड़ा मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक छात्र की मौत डूबने से हुई है।
कोतवाली के गांव नवदिया सितारगंज निवासी प्रेमशंकर राठौर ने बताया कि उनका 16 वर्षीय पुत्र अंकित तीन नवंबर को बीसलपुर के जनता टेक्निकल इंटर कॉलेज में पढऩे के लिए सुबह पौने 10 बजे साइकिल से रवाना हुआ था। वह कक्षा 11 का छात्र था।
देरशाम तक जब छात्र घर नहीं आया तब घर वालों को चिंता हुई। उन्होंने संभावित स्थानों पर छात्र की तलाश की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। उसके बाद प्रेमशंकर ने चार नवंबर को पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई।
पांच नवंबर की शाम तक छात्र का कोई पता नहीं चला। पुलिस ने गुमशुदगी को अपहरण में तरमीम कर लिया। सोमवार को नगर में डिग्री कॉलेज रोड पर महेंंद्र नगर कॉलोनी के मुख्य द्वार के सामने स्थित नाले के पानी में कुछ लोगों ने एक शव उतराता हुआ देखा। मौके पर भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही प्रेमशंकर भी आ गए। उन्होंने शव की शिनाख्त अपने पुत्र अंकित के रूप में की। प्रेमशंकर की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव नाले से बाहर निकाला। नाले में छात्र की साइकिल और बस्ता भी मिल गया।
शव मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पिता प्रेमशंकर, मां अनारकली, छोटे भाई कौशल, बहन अनुराधा और सोनी का रोते रोते बुरा हाल है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार छात्र की पानी में डूबने से मौत होना आई है।
इंस्पेक्टर अशोक पाल ने बताया कि छानबीन में पता चला कि छात्र मेले में गया था। संभवत: रात में लौटते समय अंधेरे में नाले में गिर गया। चूंकि शव जिस स्थिति में मिला है उसे देखकर यही लग रहा है। बैग छात्र की पीठ पर ही टंगा है। साइकिल भी वहीं पड़ी मिली है।
0000
सिंघाड़े तोड़ने गए किशोर की तालाब में डूबकर मौत
अमरिया। थाना अमरिया क्षेत्र के गांव कैमोर निवासी बाबूराम ने बताया कि उनका 16 वर्षीय पुत्र रंजीत रविवार की दोपहर में गांव के ही पास स्थित तालाब पर सिंघाड़े तोड़ने के लिए गया था। सिंघाड़े तोड़ने के दौरान वह गहरे पानी में चल गया और उसमें डूब गया। देर शाम तक परिजन उसकी तलाश की। जिसके बाद उसे तालाब से निकाला गया। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। संवाद

अंकित का फाइल फोटो । स्रोत – परिजन